जमीन विवाद पर पूर्व बीएसएफ हेड कांस्टेबल पर हमला
पत्नी को भी पीटा, पुलिस जांच में जुटी
मेरठ।थाना भावनपुर क्षेत्र में जमीन लीज विवाद को लेकर एक सेवानिवृत्त बीएसएफ हेड कांस्टेबल और उनकी पत्नी पर हमला किया गया। आरोप है कि पचपेड़ा निवासी खलील अहमद और उसके परिवार ने इस घटना को अंजाम दिया, जिसमें हेड कांस्टेबल यूसुफ की पत्नी भी घायल हो गईं।
मुजफ्फरनगर के शेरपुर गांव निवासी पीड़ित यूसुफ ने बताया कि उन्होंने करीब 20 साल के लिए पचपेड़ा गांव में खलील अहमद से जमीन लीज पर ली थी। यूसुफ इस जमीन पर पेट्रोल पंप स्थापित करने की योजना बना रहे थे।शनिवार को यूसुफ अपनी पत्नी अफसाना के साथ प्लॉट पर साफ-सफाई कराने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान खलील अहमद अपने तीन बेटों और दो पोतों के साथ मौके पर पहुंचा और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया।यूसुफ के अनुसार, जब उनकी पत्नी अफसाना ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर भी धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। यूसुफ ने यह भी आरोप लगाया है कि खलील अहमद पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी देने का दबाव बना रहा था, और इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। इस मामले में यूसुफ ने भावनपुर थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment