‘नमो भारत बीट्स’ अब मेरठ में; बेगमपुल स्टेशन पर सुरों से सजा पहला शो

सोलो लाइव म्यूज़िक इवेंट ने यात्रियों का दिल जीता

 यात्रियों ने किया गर्मजोशी से स्वागत

 मेरठ।  देश की प्रथम नमो भारत न केवल तेज़, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा प्रदान कर रही है, बल्कि यात्रियों को नए अनुभव और मनोरंजन के अवसर भी प्रदान कर रही है। इसी क्रम में, शुक्रवार 6 मार्च को मेरठ शहर में स्थित बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर ‘नमो भारत बीट्स’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेरठ शहर में पहली बार आयोजित इस सोलो लाइव म्यूज़िक इवेंट ने यात्रियों का दिल जीत लिया।  

इस अवसर पर उभरते हुए गायक अंकित गौतम ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत की। उनकी सुरीली आवाज़ और लोकप्रिय गीतों ने स्टेशन परिसर का माहौल संगीतमय बना दिया। लोग खुद को संगीत की धुनों पर थिरकने से रोक नहीं पाए और भरपूर उत्साह के साथ इस कार्यक्रम का आनंद लिया। कोई तालियाँ बजाता दिखा, कोई गीतों के साथ गुनगुनाता, तो कई यात्री इस खुशनुमा शाम को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नज़र आए। यात्रियों के चेहरों पर मुस्कान और स्टेशन परिसर में गूंजती तालियों ने यह साफ़ कर दिया कि ‘नमो भारत बीट्स’ का यह शो सभी के दिलों को छू गया। इस संगीतमय आयोजन ने रोज़मर्रा की भागदौड़ में यात्रियों को सुकून का पल मुहैया कराया जिसे महिलाओं, युवाओं और बच्चों समेत हर वर्ग के यात्रियों ने भरपूर सराहा।

एनसीआरटीसी द्वारा दिसंबर में आरंभ किए गए इस कार्यक्रम को हर शुक्रवार, शाम 5-6 बजे दिल्ली में आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर आयोजित किया जा रहा था। अब सराय काले खां से मोदीपुरम तक संपूर्ण कॉरिडोर के परिचालन के बाद इस शुक्रवार से इसका आयोजन मेरठ में किया जाएगा। 

एनसीआरटीसी का लक्ष्य है कि नमो भारत स्टेशनों को केवल एक ट्रांज़िट प्वाइंट के बजाए एक जीवंत सोशल हब के रूप में परिवर्तित कर दिया जाए। यह कार्यक्रम इसी श्रृंखला में किए जा रहे कई प्रयासों में से एक है। 

‘नमो भारत बीट्स’ सभी नमो भारत व मेरठ मेट्रो के यात्रियों, युवाओं, स्टूडेंट्स और किसी भी वर्ग के संगीत के चाहने वालों के लिए एक खुला मंच है, जिसका उद्देश्य लोगों की संगीत प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। इसमें परफॉर्म करने की इच्छा रखने वाले लोग नमो भारत के सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर इस पहल का हिस्सा बन सकते है और अपनी कला, आवाज़ और हुनर को हज़ारों यात्रियों तक पंहुचा सकते है। यह पहल उभरते हुए कलाकारों को बड़े और विविध दर्शकों के सामने अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने और यात्रियों के सफर को आनंदमय बनाने का अवसर प्रदान करती है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts