शहर की तीन एजेंसी संचालकों पर मुकदमा दर्ज
गैस की किल्लत दिखाकर अनैतिक गतिविधि में थे संलिप्त
शिकायत पर डीएसओ की छापेमारी में हुआ खुलासा
मेरठ। गैस की कालाबाजारी पर प्रशासन ने कड़ा रूख अख्तियार करते हुए डीएसओ ने शहर की तीन एजेंसी संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आगे की कार्रवाई विभाग की ओर से की जा रही है। जिन गैस एजेंसी संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। उसमें टीपीनगर, कंकरखेड़ा व किठौर के ललियाना की गैस एजेंसी शामिल है।
दरअसल मिडिल ईस्ट में चल रहे ईरान -इजराइल के बीच युद्ध से गैस की किल्लत होनी आरंभ हो गयी है। वैसे सरकार का प्रयास है किसी भी उपभेाक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पडे़ । अब दू्सरी गैस बुक कराने के लिए 25 दिन इंतजार करना होगा। लेकिन गैस एजेंसी संचालक इसी का फायदा उठाते हुए कालाबाजारी करने में उतर गये है। कुछ जागरूक उपभोक्ताओं ने शहर की तीन गैस एजेंसी पर हो रही कालाबाजारी की शिकायत डीएम डा वी के सिंह से की थी। जिस पर डीएम ने डीएसओ विनय कुमार सिंह को टीम बना कर छापेमारी करने के निर्देश दिए थे। जिस पर डीएसओ के निर्देशन में टीम बना कर उक्त एजेंसियों पर छापेमारी की गयी। रिपोर्ट में शिकायत सही पायी गयी। जिस पर डीएसओ ने बुधवार को किठौर के ललियाना स्थित आलम इण्डेन ग्रामीण वितरक एजेंसी ,टीपी नगर क्षेत्र अंतर्गत स्थित आभा गैस एजेंसी एवं कंकरखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत स्थित सद्भाव गैस एजेंसी पर कार्रवाई करते हुए संबिधित थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
ये चल रहा था खेल
किठौर के ललियाना स्थित आलम इण्डेन ग्रामीण वितरक एजेंसी पर सिलेंडर दिल्ली बेचे गए । टीम ने जांच की जिसमें 48 भरे हुए गैस सिलेंडर कम मिले। मैनेजर मुजीबुर रहमान से जब रिकॉर्ड मांगा गया तो वह दिखाने में असमर्थ रहे।
टीपी नगर क्षेत्र अंतर्गत स्थित आभा गैस एजेंसी पर एजेंसी उपभोक्ताओं से 910 रुपए के स्थान पर 1185 रुपए वसूल रही थी ।छापे के दौरान शिकायत सही पाई गई। खास बात यह थी कि यहां भी एजेंसी संचालक के पास सेल-परचेस का कोई रिकॉर्ड नहीं था।
कंकरखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत स्थित सद्भाव गैस एजेंसी पर होकर सिलेंडर की डिलीवरी के लिए घर जा रहे थे लेकिन ओटीपी लेने के बाद डिलीवरी नहीं दे रहे थे।उस सिलेंडर की डिलीवरी ब्लैक में कहीं और की जा रही थी। लगभग 70 पर्ची ऐसी विभाग की टीम द्वारा पकड़ी गई थी।
ब्लैक मार्केटिंग रोकने को आठ टीम
गैस की किल्लत के शोर के बीच कालाबाजारी की शिकायत भी मिलने लगीं थीं। इसको देखते हुए जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने पिछले दिनों कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह ने आठ टीमों का गठन किया।
इन्होंने दर्ज कराई संचालकों पर रिपोर्ट दर्ज
कंकरखेड़ा में पूर्ति निरीक्षक विशेष कुमार ने एजेंसी संचालिका प्रज्ञा पंवार व हॉकर अकरम शाह, टीपीनगर में पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने एजेंसी प्रबंधक अभिषेक के खिलाफ और किठौर के ललियाना में पूर्ति निरीक्षक अजय कुमार ने मैसर्स आलम इंडेन ग्रामीण वितरक एजेंसी के संचालक और एजेंसी के मैनेजर मुजीब-उर-रहमान के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।
कंपनियों की भेजी जाएगी तीनों की रिपोर्ट
विभागीय अफसरों की मानें तो तीनों गैस एजेंसियों के विरूद्ध रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। यह रिपोर्ट ऑयल कंपनियों को भेजी जाएगी। ऑयल कंपनियों के द्वारा ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। दावा किया जा रहा है कि इन एजेंसियों से गैस वितरण रोका जा सकता है। जांच पूरी होने तक उपभोक्ताओं को किसी अन्य एजेंसी से अस्थाई रूप से जोड़ा जा सकता है।
शिकायत मिले तो तत्काल फोन
जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई किल्लत नहीं है। कुछ लोग अफवाह फैलाकर लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं। अगर किसी उपभोक्ता को कहीं कोई शिकायत मिलती है तो वह कंट्रोल रूप के नंबर 0121-2665277 पर सीधे शिकायत करें। तत्काल संज्ञान लिया जाएगा।


No comments:
Post a Comment