ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण और विकास कर उन्हें पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता- मंत्री पर्यटन
प्रदेश सरकार पर्यटन स्थलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कर रही कार्य
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने 30 कराेड़ से अधिक योजनाओं का शहीद स्मारक पर किया लोकार्पण एंव शिलान्यास
मेरठ । प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह द्वारा शहीद स्मारक दिल्ली रोड पर जनपद मेरठ में पर्यटन विभाग द्वारा कराये जा रहे सौन्दर्यीकरण एवं पर्यटन विकास की तीस करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। प्रदेश सरकार पर्यटन स्थलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, पौराणिक धरोहरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। उन्होने कहा कि पर्यटन के विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं तथा अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थलों को विकसित करने के साथ-साथ पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके।
मंत्री ने कहा कि मेरठ की पावन भूमि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। यह भूमि महाभारत कालीन इतिहास, रामायण कालीन परंपराओं तथा भारत की स्वतंत्रता संग्राम की अमर गाथाओं से जुड़ी है। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत भी मेरठ की इसी क्रांतिधरा से हुई थी। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण और विकास कर उन्हें पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होने कहा कि कुछ ऐसी भी योजनाओं की घोषणा की गई है जिनको इसी वित्तीय वर्ष में स्वीकृति दी जायेगी। उन्होने कहा कि पर्यटन विभाग जिस योजना का जिस दिन शिलान्यास करता है उसी दिन उसके लोकार्पण की तिथि भी घोषित करता है। मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में कानून एवं शांति व्यवस्था में जीरो टोलरेंस की नीति के तहत कानून व्यवस्था स्थापित है, उसी के अनुक्रम में प्रदेश में औद्योगिक और निवेश का वातावरण बना। उन्होने कहा कि प्रदेश के वे समस्त स्थल जिनके प्रति लोगो का भावनात्मक लगाव है, जिनके प्रति आस्था व श्रद्धा है उन सबको समृद्ध, संवर्द्धन और विकसित कर पर्यटन अवस्थापना सुविधाओ के साथ जोडकर आम लोगो को समर्पित किया जा रहा है।
इस दौरान मंत्री जयवीर सिंह ने 96.91 लाख से जनपद मेरठ के ग्राम पांचली में धन सिंह कोतवाल आर्ट गैलरी का निर्माण 115.26 लाख से विधान सभा -सदर में स्थित चंड़ी मंदिर के पर्यटन विकास कार्य, 453.77 लाख से सरधना चर्च का पर्यटन विकास कार्य, रू0 452.57 लाख से जनपद में 1857 के क्रांति स्थलो और मेरठ में शहीद स्मारक का पर्यटन विकास कार्य, 58.10 लाख से विधानसभा क्षेत्र सिवालखास के विकास खंड रोहटा के ग्राम पूठखास में महाभारत कालीन अति प्राचीन पांडेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास कार्य का लोकार्पण तथा 1504.26 लाख से हस्तिनापुर का समेकित पर्यटन विकास कार्य, 127.56 लाख से परीक्षितगढ में स्थित श्रृंगी ऋषि आश्रम का समेकित पर्यटन विकास कार्य, 85.69 लाख से ग्राम गेझा विकास खंड जानी में स्थित गौरखधाम सेवा आश्रम का पर्यटन विकास कार्य, 68.82 लाख से वार्ड नं1-55 फतेहउल्लापुर में स्थित मां ललिता देवी का पर्यटन विकास कार्य, 59.30 लाख से विधानसभा मेरठ शहर में स्थित सिद्धपीठ प्राचीन सती देवी मंदिर के पर्यटन विकास कार्य का शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन कार्यों से मेरठ के ऐतिहासिक महत्व को और अधिक पहचान मिलेगी तथा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर राज्मंत्री ऊर्जा डा. सोमेन्द्र तोमर, महापौर हरिकान्त अहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, जिलाधिकारी डा. वी.के. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, विधायक सिवालखास गुलाम मौहम्मद, एमएलसी अश्वनी त्यागी, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment