क्रांतिधरा मेरठ में मातृशक्ति के स्वस्थ भविष्य हेतु नई स्वास्थ्य क्रांति का शुभारंभ
400 बच्चियों को जीवनरक्षक वैक्सीन लगाकर इस महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत
मेरठ ।महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए क्रांतिधरा मेरठ में गर्भाशय (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए एक व्यापक टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस दौरान 400बच्चियों को वेक्सीन लगाई गई।

 राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ  प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 को अजमेर से किया गया था।उसी श्रृंखला में मेरठ में यह महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है।

मंगलवार को आनंद अस्पताल, मेरठ में 400 बच्चियों को जीवनरक्षक वैक्सीन लगाकर इस महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई। यह वैक्सीन देश की प्रतिष्ठित संस्था Serum Institute of India द्वारा निर्मित स्वदेशी टीका है, जो बेटियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी , संसद सदस्य (राज्य सभा) द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम के तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी डॉ. गरिमा जैन, कैंसर विशेषज्ञ, आनंद अस्पताल, मेरठ द्वारा उपस्थित जनसमूह को दी गई।
इस अवसर पर यह गंभीर तथ्य भी सामने रखा गया कि देश में हर 8 मिनट में एक महिला की मृत्यु गर्भाशय कैंसर के कारण हो जाती है। लेकिन राहत की बात यह है कि 14 से 15 वर्ष की आयु में यह वैक्सीन लगने के बाद इस बीमारी की संभावना 90 से 95 प्रतिशत तक कम हो जाती है।
. भारत सरकार द्वारा मेरठ की 41,000 बच्चियों के लिए वैक्सीन स्वीकृत की गई है।
. प्रथम किश्त के रूप में लगभग 10,940 वैक्सीन उपलब्ध हो चुकी हैं।
. 14 से 15 वर्ष की आयु की बच्चियों को यह वैक्सीन जिला महिला चिकित्सालय (घंटाघर) पर सोमवार से शनिवार, प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक लगाई जाएगी।
वैक्सीनेशन के लिए केवल आयु प्रमाण पत्र लाना आवश्यक है।
आगामी 1-2 सप्ताह में ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह अभियान प्रारंभ किया जाएगा।
 पुनीत कार्य में आर्थिक सहयोग हेतु CSR फंड के माध्यम से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तथा पंजाब नेशनल बैंक का विशेष योगदान रहा। इस सहयोग के लिए दोनों संस्थानों तथा आनंद अस्पताल, मेरठ के प्रबंधन का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।विशेष रूप से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य प्रबंधक  अमित सागर,आकांक्षा सियानवाल , उप प्रबंधक अमित कुमार एवं राजेश कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक  राजकुमार  एवं आनंद अस्पताल, मेरठ के निदेशक गौतम आनंद जी व अस्पताल के प्रबंधन का उनके सक्रिय आर्थिक व प्रशासनिक सहयोग के लिए आभार किया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. बाजपेयी जी द्वारा सभी बेटियों के अभिभावकों से विनम्र अपील की गई कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष की बेटियों को यह जीवनरक्षक टीका अवश्य लगवाएं, ताकि वे एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ सकें।

बैक्सीन की उपलब्धता में कोई कमी नहीं होगी तथा पुनः और बैक्सीन भी मेरठ को मिलेगी।

“बेटियां सुरक्षित तो देश का भविष्य सुरक्षित" - इसी संदेश के साथ मेरठ में महिलाओं के जीवन की रक्षा हेतु एक नई स्वास्थ्य क्रांति का शुभारंभ हुआ है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts