सांसद अरूण गोविल ने मेरठ-पानीपत नयी रेलवे लाइन परियाेजना प्रस्तावित मेरठ -मवाना की मांग संसद में उठाई
मेरठ। मंगलवार को मेरठ–हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण गोविल ने सदन में भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण, कनेक्टिविटी विस्तार और आर्थिक विकास में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने अपने वक्तव्य की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी दूरदर्शी नीतियों तथा अभूतपूर्व निवेश के कारण भारतीय रेलवे आधुनिक, सुरक्षित और भविष्य के अनुरूप बन रही है।
सांसद ने विशेष रूप से मेरठ क्षेत्र में नमो भारत आरआरटीएस परियोजना के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे एनसीआर क्षेत्र में कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी तथा यह आधुनिक भारत की तेज और उन्नत परिवहन व्यवस्था का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026–27 के केंद्रीय बजट में भारतीय रेलवे के लिए लगभग 2.93 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय निर्धारित किया गया है, जो रेलवे इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा निवेश है।
उन्होंने कहा कि आज भारतीय रेलवे देश की आर्थिक प्रगति और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क का मजबूत आधार बन चुकी है। अनुमान के अनुसार वर्ष 2026–27 में रेलवे की आंतरिक आय लगभग 3.02 लाख करोड़ रुपये रहने की संभावना है, जिसमें फ्रेट सेवाओं से लगभग 1.89 लाख करोड़ रुपये तथा यात्री सेवाओं से करीब 87,300 करोड़ रुपये प्राप्त होने का अनुमान है।
सांसद अरुण गोविल ने कहा कि भारत तेजी से मॉडर्न रेल ट्रांसपोर्ट सिस्टम की दिशा में आगे बढ़ रहा है और देश के प्रमुख शहरों को जोड़ने के लिए सात नए हाई स्पीड रेल कॉरिडोर प्रस्तावित किए गए हैं, जिनकी कुल लंबाई लगभग 4,000 किलोमीटर होगी। इन परियोजनाओं से न केवल यात्रा समय में कमी आएगी बल्कि क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और आर्थिक कनेक्टिविटी को भी नई गति मिलेगी।
अपने वक्तव्य में उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे तेजी से इलेक्ट्रिफिकेशन की दिशा में आगे बढ़ रही है और आज भारतीय रेलवे दुनिया के सबसे बड़े इलेक्ट्रिफाइड रेलवे नेटवर्क में से एक बन चुकी है। इससे न केवल ईंधन लागत में कमी आई है बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऑपरेशनल दक्षता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से देशभर के सैकड़ों रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण और पुनर्विकास किया जा रहा है तथा मेरठ रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों में भी शीघ्र प्रगति की अपेक्षा है।
सांसद ने सदन के माध्यम से मेरठ–पानीपत नई रेलवे लाइन परियोजना तथा मेरठ–मवाना–हस्तिनापुर–बिजनौर प्रस्तावित रेल लाइन पर शीघ्र निर्णय और प्रगति की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
अपने वक्तव्य के अंत में सांसद अरुण गोविल ने रेल मंत्रालय की वर्ष 2026–27 की अनुदान मांगों का पूर्ण समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे देश की एकता, कनेक्टिविटी और विकास की जीवन रेखा है


No comments:
Post a Comment