जागृति विहार में फिर दिखा विशालकाय अजगर
लोगों ने पकड़कर वन विभाग को सौंपा
मेरठ।जागृति विहार इलाके में अजगर निकलने का सिलसिला जारी है।बीती शाम रिंग रोड एक्सटेंशन में एक विशालकाय अजगर दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया।सूचना के बावजूद वन विभाग की टीम समय पर नहीं पहुंची तो स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए खुद ही अजगर को पकड़ लिया और बाद में उसे वन विभाग की टीम को सौंप दिया।
स्थानीय निवासी और छात्र नेता विनीत चपराना ने बताया कि सोमवार शाम इलाके में अजगर दिखाई देने की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने वन विभाग को जानकारी दी। काफी देर तक वन विभाग की टीम नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। ऐसे में आसपास मौजूद लोगों ने मिलकर साहस दिखाया और अजगर को पकड़ लिया।
हालांकि इस दौरान एक बार अजगर लोगों की पकड़ से छूट गया और तेजी से पास में खड़ी एक बाइक में लिपट गया। इससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। बाद में लोगों ने सावधानी के साथ उसे दोबारा पकड़ लिया। कुछ देर बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को अपने कब्जे में लेकर जंगल में छोड़ने के लिए अपने साथ ले गई।
3 महीने में पकड़े जा चुके हैं 10 अजगर
स्थानीय लोगों का कहना है कि जागृति विहार और आसपास के क्षेत्रों में पिछले तीन महीनों के दौरान करीब 10 अजगर पकड़े जा चुके हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों ने आरोप लगाया कि वन विभाग की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन में अक्सर देरी होती है, जिससे उन्हें खुद जोखिम उठाकर कार्रवाई करनी पड़ती है। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से इलाके में नियमित निगरानी और त्वरित रेस्क्यू की व्यवस्था करने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment