पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों का धरना आश्वासन मिलते ही समाप्त
मेरठ। कर्मचारियों के हितों से संबंधित दस सूत्रीय मांगों को लेकर पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों ने सोमवार को अधिशासी अभियंता (प्र. खंड) के कार्यालय पर धरना दिया। हालांकि धरना शुरू होने के कुछ ही समय बाद अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता ने आंदोलन कर रहे कर्मचारियों को वार्ता के लिए बुलाया तथा उनकी विभिन्न मांगो को पूरा करने का आश्वासन दिया। इस पर कर्मचारियों ने कुछ ही समय बाद धरना समाप्त कर दिया।
अधिकारियों से वार्ता के दौरान नियमित वर्क चार्ज कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष एहसान अली और महामंत्री सुनील कुमार ने इस बात पर रोष व्यक्त किया कि ग्रीवांस मीटिंग के निर्णयों का अभी तक अनुपालन नहीं किया गया है। इसके अलावा 1996 में नियुक्त कार्य अभिकर्ताओं के वेतन का निर्धारण कर पेंशन पुनरीक्षित करने की मांग भी की गई। 2016 से पूर्व सेवानिवृत हुए कर्मचारियों की पेंशन पुनरीक्षित करने की मांग के साथ-साथ उसे कोषागार में प्रेषित करने की भी मांग की गई। इसके अलावा फील्ड में कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए शीतकालीन वर्दी की सुविधा भी बहाल करने की मांग उठी। अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के शीघ्र समाधान के आश्वासन पर कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया।


No comments:
Post a Comment