मेरठ एसटीएफ ने 50-50 हजार के दो इनामी गो-तस्कर दबोचे

वाराणसी-प्रयागराज रोड पर हुई गिरफ्तारी, कई राज्यों में सक्रिय थे

 मेरठ।  मेरठ एसटीएफ ने गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50-50 हजार रुपये के इनामी दो गो-तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और इनके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एसटीएफ ने रविवार को वाराणसी-प्रयागराज रोड पर औरे लालानगर टोल प्लाजा के पास से इन्हें दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के मेहपुर निवासी पदमा  और शामली के कांधला थाना क्षेत्र के दवरारा गांव निवासी सज्जाद के रूप में हुई है।चंदौली जनपद के चंदौली थाने में दर्ज एक मुकदमे में इन दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

जांच में सामने आया है कि ये आरोपी एक संगठित गिरोह बनाकर लंबे समय से गो-तस्करी का अवैध कारोबार चला रहे थे। वर्ष 2017 से यह गिरोह उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा सहित कई राज्यों में पशुओं की चोरी और तस्करी में सक्रिय रहा है।आरोपियों के खिलाफ वाराणसी और चंदौली समेत कई जिलों में गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, पदमा और सज्जाद पहले भी गो-तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं। हालांकि, जमानत पर छूटने के बाद वे फिर से अवैध गतिविधियों में लिप्त हो गए थे। चंदौली में दर्ज मुकदमे में इनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया था।

एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी वाराणसी क्षेत्र में आने वाले हैं। इस सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, दोनों आरोपियों को चंदौली थाना पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts