कुत्ते के काटने के 20 दिन बाद युवक की रेबीज से मौत
परिवार में मचा कोहराम, आसपास के लोग हुए सर्तक
मेरठ। बागपत रोड पर आवारा कुत्ते के काटने के करीब 20 दिन बाद एक युवक की रेबीज से मौत हो गई। युवक ने समय पर एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लगवाई, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। दिल्ली एम्स ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।युवक की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बागपत रोड स्थित संजय कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय लवी कुमार एक गद्दा फैक्ट्री में काम करता था। वह विवाहित था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, करीब 20 दिन पहले लवी बाजार जा रहा था, तभी गली में घूम रहे एक कुत्ते के पिल्ले ने उसे काट लिया। उसने इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया और न ही किसी को बताया। करीब तीन दिन पहले अचानक उसे सिर, कमर और शरीर में तेज दर्द शुरू हुआ। परिजन उसे सुभारती मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान जब उसने पानी मांगा तो पानी देखकर डरने लगा। इस पर डॉक्टरों को रेबीज का संदेह हुआ। पूछताछ में उसने कुत्ते के काटने की बात स्वीकार की।
डॉक्टरों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे घर ले आए। मंगलवार को हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया। हालांकि, दिल्ली ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। शाम को रेलवे लाइन के पास स्थित श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। युवक की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग कुत्ते के काटने की घटनाओं को लेकर सतर्क हो गए हैं।


No comments:
Post a Comment