प्रधानमंत्री के  प्रस्तावित दौरे को लेकर एसपीजी  ने संभाली सुरक्षा

 मोहिददीनपुर, शताब्दी मेट्रो स्टेशन की रहेगी किलबंदी

21 व 22 को शताब्दीनगर से मोहिउद्दीनपुर तक बंद रहेंगे होटल, पेट्रोल पंप

दिल्ली रोड पर सामान्य वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा

 मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 22 फरवरी को प्रस्तावित मोहिउद्दीनपुर जनसभा और शताब्दीनगर स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन के भव्य उद्घाटन कार्यक्रम को देखते हुए मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाया जा रहा है। बुधवार को एसपीजी ने सुरक्षा व्यवस्था काे संभाल लिया ।  20 फरवरी से ही कार्यक्रम स्थलों और आसपास के संवेदनशील इलाकों में विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती शुरू हो जाएगी। 

इसमें एसपीजी, एटीएस, केंद्रीय व राज्य खुफिया एजेंसियों के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस के हजारों जवान मुस्तैद रहेंगे। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से 21 और 22 फरवरी को शताब्दीनगर और मोहिउद्दीनपुर क्षेत्र के सभी होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, पेट्रोल पंपों और सीएनजी पंपों को बंद रखने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।



पीएम मोदी का विस्तृत कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी 22 फरवरी को मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक के 23 किलोमीटर लंबे रैपिड कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। वे शताब्दीनगर स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर इसकी आधिकारिक शुरुआत करेंगे। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री हवाई मार्ग से दोपहर लगभग 11:50 बजे शताब्दीनगर स्टेशन के पास बने हेलिपैड पर उतरेंगे। यहां वे मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन की खूबियों को जानेंगे और उसे हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद पीएम खुद नमो भारत ट्रेन में सवार होकर मेरठ साउथ मेट्रो स्टेशन तक का सफर तय करेंगे। मेरठ साउथ से वे सड़क मार्ग द्वारा मोहिउद्दीनपुर स्थित इंटीग्रेटेड न्यू टाउनशिप पहुंचेंगे, जहां वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि एक घंटे से अधिक के अपने संबोधन में वे विकास कार्यों के साथ-साथ 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश भी देंगे।

 ये रहेगी पांबदियां

गेल गैस कंपनी के शताब्दीनगर से मोहिउद्दीनपुर के बीच स्थित सीएनजी पंप और सभी पेट्रोल पंप 21 फरवरी सुबह से 22 फरवरी शाम तक बंद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली रोड पर सामान्य वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जिलापूर्ति अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि एसएसपी के आदेशानुसार सभी पेट्रोलियम कंपनियों और गेल गैस के प्रबंधकों को पंप बंद रखने के निर्देश भेज दिए गए हैं।

 होगी अभेद्य घेराबंदी

सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 20 फरवरी से ही एसपीजी और अन्य एजेंसियां कार्यक्रम स्थलों व आसपास की ऊंची इमारतों को अपने नियंत्रण में ले लेंगी। जिला प्रशासन ने होटल, फैक्ट्री और पंप संचालकों को 21 फरवरी की सुबह से 22 फरवरी शाम 3:00 बजे तक (जनसभा समाप्ति तक) अपने संस्थान पूरी तरह बंद रखने को कहा है। बुंधवार को मंडलायुक्त, एडीजी, डीएम, डीआजी,एसएसपी समेत  एडीएम, एसपी यातायात और नगरायुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने शताब्दीनगर, मोहकमपुर हवाई पट्टी और मोहिउद्दीनपुर का बारीकी से निरीक्षण किया।

दस हजार कार्यकर्ताओं के साथ उद्घाटन समारोह में पहुंचेंगे मनिंदर पाल

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक रैपिड और मेट्रो रेल के संचालन का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह और रैली में 10 हजार कार्यकर्ताओं के साथ मनिंदर पाल सिंह भी शामिल होंगे। मनिंदर पाल सिंह ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। एकता अपार्टमेंट स्थित कार्यालय पर आयोजित बैठक में जिला अध्यक्ष हरवीर पाल सिंह की अध्यक्षता और मनिंदर पाल सिंह के संचालन में कार्यक्रम की रणनीति पर चर्चा की गई। मनिंदर पाल सिंह ने बताया कि दिल्ली से मोदीपुरम तक रैपिड व मेट्रो का संचालन शुरू होने से मेरठ के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts