विकास को देने रफ़्तार, आ रही है सरकार
- रैपिड-मेट्रो वाला देश का आज पहला शहर बनेगा मेरठ
- पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, सपनों को लगेंगे पंख
मेरठ। एक सपना जो कुछ ही साल पहले देखा गया, आज सच होने जा रहा। एक कोशिश जो कुछ ही साल पहले की गई आज धरातल पर साकार होने जा रही है। उम्मीदों के पंख आज आसमान में परवाज़ को बेताब हैं।
मेरठ आज देश का वो पहला शहर बनने जा रहा है जहां देश की पहली सेमी हाई स्पीड रैपिड ट्रेन (अब नमो भारत) के साथ साथ मेट्रो भी एक ही ट्रैक पर दौड़ेगी। इस दुनिया से रुखसत होने से कुछ ही समय पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री रहे अरुण जेटली की जुबां से एक वाक्य निकला, जिसने देश में नई यातयात क्रांति की नींव रख दी और आज मेरठ इसी नई यातयात क्रांति का गवाह बनने जा रहा है। अरुण जेटली ने 2017-18 के केन्द्रीय बजट (फरवरी-2017) में दिल्ली-मेरठ के बीच रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कॉरिडोर की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह सपने सरीखी घोषणा इतनी जल्दी धरातल पर उतर आएगी। मार्च 2019 में इस महत्वकांक्षी परियोजना की शुरुआत मेरठ की 'मिट्टी की ताक़त परखने' से हुई और देखते ही देखते सपनों को ऐसे पंख लगे कि देश की पहली रैपिड आज अपने शहर में दस्तक देने जा रही है। वैसे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैपिड की शुरुआत 20 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद और दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर के खंड पर परिचालन को हरी झंडी दिखाकर कर दी थी, लेकिन वह आज दिल्ली और मेरठ के बीच पूरे 82.15 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर परिचालन को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद क्रांति धरा पर होंगे।
एनसीआरटीसी के जज़्बे को क्रान्तिधरा का 'सलाम'
। 30 हज़ार 274 करोड़ रुपए के इस विश्वस्तरीय प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए एनसीआरटीसी भी बधाई का पात्र है, जिसके इंजीनियर्स से लेकर हर वर्कर ने जी तोड़ मेहनत कर प्रोजेक्ट की सफलता की पटकथा लिख डाली। महाभारतकालीन मेरठ में रैपिड को अंडरग्राउंड दौड़ना अपने आप में चुनौतीपूर्ण कार्य था लेकिन इसके बावजूद एनसीआरटीसी की आधुनिक तकनीक ने इस चैलेंज को भी एक्सेप्ट किया और वो कर दिखाया जिसे आज पूरा देश सलाम करेगा। रैपिड और मेरठ मेट्रो आज जब अपने यात्रियों संग गणितीय व्यास के हिसाब से देश की सबसे चौड़ी सुरंगों में दौड़ेगीं तो एक पल अपने आप में रोमांचित कर देने वाला होगा। मेरठ के साथ साथ वेस्ट यूपी को विकास की सौगात देने के लिए 'सरकार' के शुभ कदम आज क्रांतिधरा पर पड़ने जा रहे है
.... स्वागतम्।


No comments:
Post a Comment