अर्ध सरकारी कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
सेफर इंटरनेट डे' के अवसर पर एन.आई.सी. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सभागार,में कार्यशाला का आयोजन
मेरठ। विश्व स्तरीय 'सेफर इंटरनेट डे' के अवसर पर एन.आई.सी. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सभागार में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकारी और अर्द्ध सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रत्येक वर्ष फरवरी के दूसरे मंगलवार को 'सेफर इंटरनेट डे' मनाया जाता है। इस वर्ष 10 फरवरी 2026 को "स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग" थीम के साथ यह दिवस मनाया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिहं ने विशेष रूप से QR कोड स्कैम से बचने की सलाह दी और स्पष्ट किया कि QR कोड से केवल भुगतान किया जा सकता है, पैसे प्राप्त नहीं किए जा सकते।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी संजय कुमार शर्मा ने फिशिंग, विशिंग और स्मिशिंग जैसे साइबर खतरों से बचने के तरीके बताए। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी और साइबर अपराध की शिकार होने पर 1930 या cybercrime.gov.in पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने का सुझाव दिया। साथ ही, ओटीपी, क्रेडिट कार्ड या खाता संख्या किसी से भी साझा न करने की चेतावनी दी। अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सौरभ कुमार द्वारा प्रस्तुतीकरण आदि माध्यमों से कार्यशाला को प्रभावी ढंग से संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक बजरंग प्रसाद (आई.पी.एस.), अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुदामा वर्मा, अतिरिक्त नगर मजिस्ट्रेट सत्य प्रकाश सिंह तथा जिला स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी व तकनिकी स्टाफ सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment