यूपी बोर्ड परीक्षा आज से आरंभ
परीक्षार्थियों पर फूल बरसाकर अफसर करेंगे स्वागत
-10वीं और 12वीं कक्षाओं का पहला पेपर हिन्दी का
-प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की होगी तैनाती
-कंट्रोल रुम से सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
मेरठ। यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही है। दोनों परीक्षाएं 12 मार्च तक चलेंगी। जनपद में 98 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 77,270 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 9 जोनल, 21 सेक्टर व 98 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल भी तैनात रहेगा। 6 सचल दल बनाए गए हैं। साथ ही नकलविहीन परीक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षाएं सम्पन्न होंगी। संयुक्त शिक्षा निदेशक ओमकार शुक्ला ने बताया कि शिक्षा अधिकारी पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में सुबह 7.30 बजे बोर्ड परीक्षार्थियों पर फूल बरसाकर स्वागत करेंगे।
डीआईओएस आफिस में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसकी प्रभारी रेखा यादव व रेनू और सह प्रभारी रनिल चौधरी को बनाया गया है। प्रथम पाली में परीक्षा सुबह 8.30 से दोपहर 11.45 बजे तक व द्वितीय पाली में दोपहर 2 से शाम 5.15 बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षा से एक दिन पहले मंगलवार को पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज समेत जनपद के सभी 98 केंद्रों के कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाएं जमा करने के लिए पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज को संकलन केंद्र बनाया गया है। यदि परीक्षार्थी का प्रवेश पत्र खो जाता है तो केंद्र व्यवस्थापक अनुक्रमांक सूची से उसका मिलान कर लें। परीक्षार्थी से लिखित अनुबंध पत्र प्राप्त कर उसे एक प्रश्न पत्र या अधिकतम एक विषय में परीक्षा देने के लिए प्रवेश दे सकते हैं।
परीक्षा केंद्र- मेरठ जनपद में 98
10वीं रेग्युलर- 38,762
10वीं प्राइवेट- 120
12वीं रेग्युलर- 37,226
12वीं प्राइवेट- 1,162
परीक्षार्थियों की कुल संख्या- 77,270
प्रथम पाली: सुबह 8.30 से 11.45 तक
द्वितीय पाली: दोपहर 2 बजे से 5:15 तक
प्रतिबंधित वस्तुएं- मोबाइल फोन, डिजिटल वाच, कैलकुलेटर, कोई सामग्री मुद्रित या हस्तलिखित, इलेक्ट्रानिक गैजेट
10वीं में यूपी के परीक्षार्थी- 27,50,945
12वीं में यूपी के परीक्षार्थी- 24,79,352
यूपी में कुल परीक्षा केंद्र- 8,033
यूपी के कुल परीक्षार्थी- 52,30,297
2025 से परीक्षार्थी कम हुए- 2,06,877


No comments:
Post a Comment