महिला पर बीच सड़क हमला:घर में खींचने का प्रयास
मंत्री के नाम से धमकी का आरोप
मेरठ । मवाना थाना क्षेत्र में एक महिला पर बीच सड़क हमला और घर में जबरन खींचने के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाना पुलिस पर सख्त कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है। घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज है और प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पीड़िता सोनिया शर्मा के अनुसार, 1 फरवरी को मोहल्ले के ही तीन युवक—तुषांक खटीक, आशू खटीक और सुभाष खटीक—ने ₹500 के लेन-देन को लेकर विवाद के दौरान उस पर हमला कर दिया। महिला का कहना है कि आरोपी पहले उसे दूध देते थे और भुगतान को लेकर कहासुनी हुई।आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने सड़क पर ही मारपीट की और उसे जबरन घर के अंदर खींचने की कोशिश की। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बाद पुलिस ने केवल शांति भंग की धाराओं में चालान कर औपचारिक कार्रवाई की। महिला का कहना है कि इससे आरोपियों के हौसले बढ़ गए और वे लगातार दबाव बना रहे हैं।
मंत्री के नाम से धमकी का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक का नाम लेकर धमकी दे रहे हैं। उसका कहना है कि राजनीतिक प्रभाव के कारण पुलिस सख्त कार्रवाई से बच रही है। एसएसपी कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान सीओ शुचिता सिंह ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मिशन शक्ति 5.0’ पर उठे सवाल
प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान चला रही है। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर हमले और कथित तौर पर कमजोर पुलिस कार्रवाई के आरोपों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है।


No comments:
Post a Comment