मुंडाली पुलिस ने चार साइबर ठगों को पकड़ा
फेसबुक-व्हाट्सएप पर हैंडीक्राफ्ट दिखाकर करते थे धोखाधड़ी, 8 मोबाइल फोन बरामद
मेरठ। मुंडाली पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी अजराड़ा गांव के निवासी हैं और उत्तर प्रदेश सहित देश के कई जिलों में सक्रिय थे। वे फेसबुक और व्हाट्सएप पर हैंडीक्राफ्ट एवं सजावटी सामान दिखाकर लोगों से धोखाधड़ी करते थे।
साइबर सेल मेरठ के प्रभारी संजय पांडे और थाना प्रभारी मुंडाली रामगोपाल ने बताया कि अजराड़ा गांव हैंडीक्राफ्ट और सजावटी सामान बनाने तथा बेचने के लिए प्रसिद्ध है। आरोपी इसी प्रसिद्धि का लाभ उठाकर अपने मोबाइल फोन के जरिए फेसबुक और व्हाट्सएप पर गांव में बनने वाले हैंडीक्राफ्ट और सजावटी सामान के फोटो दिखाते थे।
वे ग्राहकों से सामान भेजने का ऑर्डर लेकर अपने ऑनलाइन खातों में पैसे डलवा लेते थे, लेकिन उन्हें कभी सामान नहीं भेजते थे। इस संबंध में पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने उनके नंबरों को ट्रेस किया, जिनकी लोकेशन थाना क्षेत्र के अजराड़ा गांव में मिली।
सर्विलांस की मदद से पुलिस ने सलमान पुत्र गफ्फार, सलीम पुत्र मोइनुद्दीन, मतलब पुत्र अय्यूब और जीशान पुत्र सगीर को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन और सजावटी सामान के सैंपल (जैसे गेंद और झूमर) बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार किए गए चारों अभियुक्तों का खरखोदा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल कराया गया। इसके बाद उन्हें मेरठ न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, मेरठ के निर्देश पर की गई।


No comments:
Post a Comment