जज के पिता की गोली मारकर हत्या 

संपत्ति विवाद बना मौत का कारण

इफ्तार के बाद नमाज पढ़ने जा रहे थे असद

 पुलिस ने साले की भूमिका को संदिग्ध माना, 5 टीमें की गईं गठित

मुरादाबाद: शहर के नागफनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रसिद्ध 'अलविना बेकरी' के मालिक मोहम्मद असद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात उस समय हुई जब व्यवसायी रोजा इफ्तार के बाद तरावीह की नमाज अदा करने के लिए मस्जिद जा रहे थे।

मोहम्मद असद जिगर कॉलोनी के निवासी थे। शुक्रवार रात वे अपने साले मजाहिर के साथ स्कूटी पर सवार होकर लाल मस्जिद की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बंगला गांव चौराहे के पास पहुंचे, घात लगाकर बैठे बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियांचला दीं। गोली लगने से असद सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



संपत्ति विवाद की आशंका

प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह संपत्ति विवाद मानी जा रही है। परिजनों के अनुसार, असद का अपने साले जफर के साथ मकान को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस ने भी इस मामले में साले की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए जांच के दायरे में रखा है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि साले के बेटे और दामाद के भी इस साजिश में शामिल होने की आशंका है।

पुलिस की जांच और सुरक्षा व्यवस्था

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सतपाल अंतिल ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इलाके में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts