‘नो योर आर्मी’ प्रदर्शनी में कुलवंत सिंह स्टेडियम में दिखी सेना की ताकत
मेरठ। विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अग्रसर देश की शक्ति और गौरव भारतीय सेना को करीब से जानने का अवसर अब शहर के विद्यार्थियों और आम नागरिकों को मिला। सेना की ओर से ‘नो योर आर्मी’ (अपनी सेना को जानो) सैन्य प्रदर्शनी का आयोजन शुक्रवार को छावनी स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम, मेरठ स्टेशन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया । इस प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं को सेना की सैन्य क्षमता, हथियारों, उपकरणों और सैनिक जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गयी ।
प्रदर्शनी में सेना के आर्मर्ड और इन्फैंट्री हथियारों के साथ छोटे-बड़े विभिन्न आधुनिक हथियार और इंजीनियरिंग उपकरण प्रदर्शित किए गए । इसका उद्देश्य युवाओं को सेना की कार्यप्रणाली और सैन्य तैयारियों से अवगत कराना और उन्हें सशस्त्र सेनाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित करना रहा ।
सैन्य बैंड, फौजी श्वान और घोड़े रहेंगे आकर्षण
कार्यक्रम में आरवीसी सेंटर एंड कॉलेज के प्रशिक्षित फौजी श्वान और घोड़ों के प्रदर्शन से विद्यार्थियों को सैन्य प्रशिक्षण की विशेष जानकारी दी गयी। इसके अलावा पाकिस्तान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों में सैनिकों की वीरता और साहस की कहानियां भी साझा की गयी ।
सेना के अधिकारी और जवान रहे मौजूद
कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित प्रदर्शनी में लेफ्टिनेंट कर्नल संजय सोरेन (64 कैवेलरी), कर्नल पीयूष (64 कैवेलरी), मेजर परविंदर, नायब रिसालदार शमशेर सिंह, नायब रिसालदार लखबीर सिंह, बलजीत सिंह, सवार अजीत राघव, दफेदार विशाल, सवार हरचरण, नायक जगमाल, गुरप्रीत सिंह, सवार गुरप्रीत, पलविंदर सहित भूतपूर्व सैनिक विपिन पिपाला और सुधीर कुमार उपस्थित रहे।सेना की इस प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स में खासा उत्साह पैदा किया और युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित किया।


No comments:
Post a Comment