चलती मालगाड़ी से तेल चोरी के प्रयास में झुलसा युवक
-मोहिउद्दीनपुर व मोदीनगर के बीच में हुई घटना
-विद्युत लाइन में खराबी से रेल यातायात रहा प्रभावित
मेरठ। चलती मालगाड़ी से तेल चोरी करने के प्रयास में एक युवक हाईटेंशन लाइन से झुलस गया। इस घटना के बाद रेल यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। गनीमत रही कि युवक के झुलने से तेल के डिब्बे में आग नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
रविवार को एक मालगाड़ी पेट्रोल व डीजल लेकर आ रही थी। इसी दौरान मोदीनगर और मोहिउद्दीनपुर रेलवे स्टेशन के बीच में एक युवक तेल चोरी करने के इरादे से डिब्बों में लगीं सीढी के माध्यम से मालगाड़ी पर चढ़ गया, जैसे ही युवक डिब्बे की छत पर पहुंचा तो वह हाई टेंशन लाइन की चपेट आने से झुलस गया। इसके कारण हाई टेंशन लाइन में खराबी आ गई। मालगाड़ी के रुकने के पर लोको पायलट को घटना का पता चला। इसकी जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। हाई टेंशन में आई गड़बड़ी के कारण कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोक दिया गया। पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे युवक को इलाज के लिए के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि युवक के होश में आने पर ही उसके नाम पते के बारे में जानकारी मिल पाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस वक्त युवक मालगाड़ी के डिब्बे पर लगी सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़ा था, उस समय मालगाड़ी के गति तेज नहीं थी। हाई टेंशन लाइन से झुलसने के बाद युवक डिब्बे के ऊपर गिर गया था। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ओवरहेड विद्युत लाइन में आई तकनीकी खराबी के कारण रेलवे यातायात संचालन रोका गया है। जिसे दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। रेल संचालन बंद होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी की सामना करना पड़ा।


No comments:
Post a Comment