शामली में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, 90 मामलों में वांछित था

शामली, बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट समेत कई मुकदमे दर्ज है

शामली। जनपद में गुरुवार की देर रात शामली से कसेरवा जाने वाले मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में दिल्ली के ओखला के जाकिर नगर का 50 हजार का इनामी रिहान मारा गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। बदमाश की फायरिंग में शामली कोतवाली पर तैनात सिपाही सुमित बैंसला गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल रिहान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गुरुवार की शाम को किया था लूटपाट: पुलिस के अनुसार, गुरुवार की देर शाम फतेहपुर निवासी राहुल और उसका दोस्त बाइक से शामली से फतेहपुर जा रहे थे। रास्ते में बदमाश रिहान और उसका साथी ने पिस्टल के बल पर उनसे नगदी, मोबाइल फोन और अंगूठी लूट ली थी। इस संबंध में बाबरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बदमाशों के पास से लूटा गया मोबाइल, अंगूठी और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है।

2025 में भी झिंझाना में की थी वारदात

 पुलिस के अनुसार, रिहान ने नवंबर 2025 में अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर झिंझाना क्षेत्र में एक दंपती से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। यह मामला भी झिंझाना थाने में दर्ज है। इसके बाद रिहान पर डीआईजी‌ सहारनपुर‌ की‌‌ और‌‌ से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

10 साल से संभाल रहा था गिरोह की कमान

 पुलिस ने बताया कि रिहान पिछले दस वर्षों से अधिक समय से अपने गिरोह की कमान संभाल रहा था। वह कुख्यात याहिया गैंग के संपर्क में भी था और उसके साथ मिलकर शामली व आसपास के क्षेत्रों में लगातार लूट और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी

 शामली एसपी एनपी सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि झिंझाना से कसेरवा गांव की ओर बाइक सवार दो बदमाश लूट के इरादे से खड़ा हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान सिपाही सुमित बैसला गोली लगने से घायल हो गया।

डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

 पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दिल्ली के ओखला स्थित जाकिर नगर, गली नंबर-21 निवासी 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश रिहान गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। घायल रिहान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रिहान के खिलाफ 90 से अधिक मुकदमे दर्ज: एसपी ने बताया कि रिहान के खिलाफ शामली के अलावा बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट समेत विभिन्न धाराओं में 90 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी ली जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts