चित्रकूट में दिल दहलाने वाली वारदात..
व्यापारी के पुत्र की अपहरण के बाद हत्या
बदमाश को पुलिस ने किया मुठभेड़ में ढेर
चित्रकूट। उचित्रकूट जनपद के बरगढ़ कस्बे में एक व्यापारी के 14 वर्षीय पुत्र आयुष का अपहरण कर 40 लाख की फिरौती न मिलने पर उसकी नृशंस हत्या कर दी गई। किशोर का शव शुक्रवार सुबह घर से कुछ दूरी पर खून से लथपथ अवस्था में मिला। जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं मामले की जांच में जुटी पुलिस की घटना में नामजद आरोपियों के साथ मुठभेड़ हो गई । जिसने एक आरोपी की गोली लगने से मौत हो गई।वही दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।जिसे इलाज के लिए प्रयागराज मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर आक्रोशित व्यापारी कई घंटे से झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में जाम लगाए हुए हैं। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे हुए है।
जानकारी के मुताबिक चित्रकूट जिले के बरगढ़ बाजार में कपड़े की दुकान चलाने वाले अशोक कुमार केसरवानी का पुत्र आयुष गुरुवार शाम करीब छह बजे कोचिंग पढ़ने गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। स्वजन ने अपने स्तर से उसकी तलाश शुरू की, इसी दौरान देर शाम करीब नौ बजे अपहरणकर्ताओं ने फोन कर 40 लाख रुपये की फिरौती की मांग की।
घबराए परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के सक्रिय होते ही अपहरणकर्ताओं ने किशोर की हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे आयुष का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गईं। आक्रोशित व्यापारियों ने पूर्व प्रधान प्रकाश केशरवानी के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पूरा बरगढ़ थाना क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश की।इसके बाद घटना में नामजद आरोपी कल्लू खान और इरफान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के मुताबिक पास के जंगल से फिरौती के लिए प्रयोग किए गए फोन को बरामद कर लिया गया। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर हमला कर भागने का प्रयास किया। जिसकी जवाबी कार्रवाई में कल्लू खान और इरफान को गोली लग गई। जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊ ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने कल्लू को मृत घोषित कर दिया। वही इरफान की स्थिति गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए प्रयागराज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मासूम बच्चे की नृशंस हत्या करने वाले बदमाश पहले व्यापारी अशोक केशरवानी के घर किराए पर रहते थे। कुछ दिनों पहले ही व्यापारी ने उनसे अपना घर खाली करवाया था। इसी खुन्नस के चलते बदमाशो ने आयुष को 40 लाख की फिरौती के लिए अपहरण किया था। फिरौती की डिमांड पूरी न होने तथा मामला पुलिस तक पहुंच जाने के कारण बदमाशो ने आयुष की हत्या कर दी।
इस मामले में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल चित्रकूट में भारी आक्रोश है। जिलाध्यक्ष राजीव अग्रवाल और जिला महामंत्री गुलाब गुप्ता ने व्यापारी के मासूम पुत्र की निर्मम हत्या करने वाले बदमाशों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है। साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पीड़ित व्यापारी को 25 करोड़ की आर्थिक सहायता और शस्त्र लाइसेंस दिलाए जाने की मांग की है।



No comments:
Post a Comment