सपा का जंगलराज नहीं भूली जनताः डिप्टी सीएम
बागपत।प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह दिन में सपना देखते हैं और लगातार भाजपा की आलोचना करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का जंगलराज प्रदेश की जनता आज भी नहीं भूली है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक आज बागपत दौरे पर हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जब-जब प्रदेश में सपा की सरकार बनी, तब-तब गुंडाराज और अराजकता का माहौल रहा। गरीबों की दुकानों, जमीनों और मकानों पर कब्जे किए गए। कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट थी और बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। उन्होंने कहा कि उस दौर को याद कर आज भी जनता कांप उठती है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया गया है और सभी जिलों को समान रूप से बजट दिया जा रहा है। किसी भी जिले के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठा है। उन्होंने बताया कि आज भारत विश्व की अर्थव्यवस्था में चौथे स्थान पर है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा, जबकि भाजपा सरकार से पहले देश 11वें स्थान पर था।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य और सार्वजनिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment