हत्यारोपी ऑटो चालक की तलाश में दिल्ली में डेरा
पुलिस के अनुसार- दिल्ली में आरोपी का रहता है पिता, आरोपी पहले से था शादीशुदा
मेरठ। थाना मेडिकल क्षेत्र के नये के ब्लॉक शास्त्री नगर में महिला की हत्या कर फरार हुए ऑटो चालक वीशू की तलाश में दिल्ली में डेरा डाला हुआ है। दिल्ली में वीशु का पिता रहता है। पुलिस को शक है कि वीशु बचने के लिए पिता के पास जरूर जाएगा। इसको देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ाई है। हरियाणा की भी दो लोकेशन पुलिस को मिली हैं, जहां टीम को भेजा गया है।
मेडिकल थाना क्षेत्रांतर्गत के-ब्लॉक में 35 वर्षीय चित्रा पत्नी स्व. मनोज कुमार अपने दो बच्चों के साथ किराए का कमरा लेकर रह रही थी। सोमवार को कमरे के अंदर चित्रा का बेड पर शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस ने छानबीन शुरु की तो पता चला कि चित्रा का टीपीनगर थाना क्षेत्र के गोलाबढ़ निवासी ऑटो चालक वीशु से अफेयर चल रहा है। पुलिस ने वीशु की तलाश शुरु की तो वह फरार मिला। इसके बाद वीशु पर ही हत्या का शक गहरा गया।
दोनों बच्चों को छोड़कर फरार
पुलिस की छानबीन में यह भी सामने आया कि वीशु तीन दिन पहले ही चित्रा के दोनों बच्चों को अपने साथ घुमाने की बात कहकर ले गया था। चित्रा की मौत का जब पता चला तो वह दोनों बच्चों को कमरे से कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद यह साफ हो गया कि हो ना हो वीशु का ही चित्रा की हत्या में हाथ है। हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने वीशु की तलाश शुरु कर दी।
दिल्ली में मिली आखिरी लोकेशन
पुलिस का सर्विलांस सिस्टम एक्टिव हो गया। वीशु के संपर्क वाले कई लोगों की लोकेशन दिल्ली व हरियाणा में मिली। इसके बाद तीन टीमों को दिल्ली व हरियाणा के लिए रवाना कर दिया गया। पता चला कि वीशु का पिता दिल्ली में ही रहता है। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया कि वह फरार होने के बाद पिता के पास आया था अथवा नहीं।इसके अलावा एक टीम हरियाणा में भी पहुंची है। जहां उसका कोई परिचित रहता है। पुलिस का कहना है कि पुलिस से भागता फिर रहा वीशु एक ना एक बार इन जगहों पर जरूर आएगा।
मौके पर मिले शव को देखकर यह प्रतीत हो रहा था कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। महिला की जीभ भी बाहर निकली हुई थी। संभवत: पहले बेहोश किया गया और उसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है लेकिन अभी उसकी रिपोर्ट नहीं आई है।अफसरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। यह तय है कि गला घुटने से ही महिला की मौत हुई है।
जल्द सलाखों के पीछे होगा आरोपी
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि महिला का पोस्टमार्टम करा दिया गया है लेकिन रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। जहां तक आरोपी की गिरफ्तारी की बात है तो टीम लगी हैं। ज्यादा समय वह पुलिस से बचकर नहीं रह पाएगा। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरी घटना से पर्दा उठाया जाएगा।


No comments:
Post a Comment