चलती कार बनी आग का गोला, हाईवे पर मची अफरा-तफरी

 स्विफ्ट डिजायर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

 मेरठ। थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जिटौली फ्लाईओवर के ऊपर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती कार से कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि कुछ ही मिनटों में कार आग का गोला बन गई।

जानकारी के अनुसार मंसूरपुर निवासी आलिम पुत्र सलीम स्विफ्ट डिजायर कार से दिल्ली की ओर जा रहे थे। शाम करीब साढ़े तीन बजे जैसे ही उनकी कार जिटौली फ्लाईओवर पर पहुंची, इंजन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते कार में आग भड़क उठी। खतरे को भांपते हुए आलिम ने तुरंत कार से छलांग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही पलों में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। घटना की सूचना मिलते ही थाना कंकरखेड़ा के उपनिरीक्षक दीपेश दंडॉतिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। जिसके बाद पहुंची दमकल गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। हादसे के चलते हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर यातायात संभालते हुए काफी प्रयास के बाद आवागमन को सुचारू कराया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts