लखनऊ से 2027 का शंखनाद

यूपी का कल्याण सिर्फ भाजपा ही कर सकती है-: अमित शाह

 केन्द्रीय गृह मंत्री ने हरिओम पंवार को किया सम्मानित 

लखनऊ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 का औपचारिक शंखनाद कर दिया। यूपी दिवस समारोह के मंच से उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये सभी जातिवादी और परिवारवादी पार्टियां हैं, जो प्रदेश का कल्याण नहीं कर सकतीं। शाह ने जनता से अपील की कि 2027 में इन दलों को रिजेक्ट कर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएं।

अमित शाह 24 से 26 जनवरी तक चलने वाले यूपी दिवस समारोह के उद्घाटन अवसर पर लखनऊ पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने ‘एक जनपद, एक व्यंजन (ODOC)’ योजना की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य प्रदेश के हर जिले के पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है।

‘जय श्री राम’ के नारों से गूंजा पंडाल

शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ की। उन्होंने लखनऊ की जनता से कहा—“आज यूपी दिवस है भाई, लखनऊ वालों की आवाज को क्या हो गया है?”इसके बाद पूरा पंडाल नारों से गूंज उठा।

मोदी-योगी की जोड़ी की जमकर तारीफ

गृह मंत्री ने कहा,“ऊपर नरेंद्र मोदी और नीचे योगी आदित्यनाथ—इन दोनों ने उत्तर प्रदेश की विकास संभावनाओं को तराशकर देश के सामने पेश किया है।”उन्होंने बताया कि प्रदेश में नेशनल हाईवे का जाल, सबसे ज्यादा एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर और ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण जैसी उपलब्धियां भाजपा सरकार की देन हैं।शाह ने दावा किया कि योगी सरकार ने प्रदेश से भ्रष्टाचार हटाया, कानून व्यवस्था को ‘चौक-चौबंद’ किया और गरीब कल्याण की योजनाओं को जमीन पर उतारा। उन्होंने कहा कि आज हर गांव में बिजली है और औसतन 20 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

जात-पात से ऊपर उठकर वोट देने की अपील

अमित शाह ने जनता से अपील करते हुए कहा—“जात-पात से ऊपर उठकर वंशवादी पार्टियों को नकारिए और 2027 में फिर से भाजपा का कमल खिलाइए। प्रदेश की सुरक्षा, विकास और गरीब कल्याण के लिए भाजपा सरकार जरूरी है।”

सीएम योगी ने पढ़ा पीएम मोदी का संदेश

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पढ़कर सुनाया। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने 2017 में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का श्रेय अमित शाह को देते हुए 2027 में फिर से भाजपा सरकार बनाने की अपील की।

पाँच विभूतियां हुईं सम्मानित

इस अवसर पर अमित शाह ने हरिओम पंवार, शुभांशु शुक्ला सहित पाँच लोगों को विशेष सम्मान से नवाजा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts