कर्ज चलते  2 बच्चों के पिता ने दी जान

4 साल पहले की थी कोर्ट मैरिज, 15 दिनों से ससुराल में रह रहा था

 मेरठ। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के लक्खीपुरा में शुक्रवार तड़के एक युवक ने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान 28 वर्षीय जाहिद के रूप में हुई है, जो पेशे से टेलर था। 

चार वर्ष पहले जाहिद ने गली नंबर 24 की समरीन से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद वे परिवार से अलग किराये के मकान में रहने लगे थे। बताया जाता है कि शादी के दो साल बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया था, जिसके चलते जाहिद ने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन तब उसकी जान बच गई थी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।परिजनों के अनुसार, जामिया चौक क्षेत्र में नाले के निर्माण कार्य के कारण रास्ते बंद होने की वजह से जाहिद पिछले लगभग 15 दिनों से अपनी ससुराल में रह रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे उसने घर के अंदर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। काफी देर तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद घटना का पता चला।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जाहिद पर करीब तीन लाख रुपये का कर्ज था, जिसके कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। थाना प्रभारी अशोक सिंह यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts