बूथ दिवस पर डीएम ने की बीएलओ के कार्यों की समीक्षा
जिला निर्वाचन अधिकारी डा. वीके सिंह ने कई मतदेय स्थलों पर किया निरीक्षण
मेरठ। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर रविवार को बूथ दिवस मनाया गया। इसमें सभी बीएलओ को अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे। डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी डा. वीके सिंह ने कई मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया और बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की।
एसआईआर के लिए चुनाव आयोग ने अंतिम तिथि 4 दिसंबर से बढ़ाकर 11 दिसंबर की है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीके सिंह समय पर एसआईआर का काम पूरा होने के लिए खुद मैदान में उतरे हुए हैं। वह लगातार मतदेय स्थलों पर जाकर यहां बीएलओ के कार्यों पर नजर रखे हुए हैं। उनके पास काफी शिकायतें आयी थीं कि मतदाता गणना प्रपत्र फार्म लेकर रख रहे हैं और भरकर वापस नहीं कर रहे हैं। इसी के मद्देनजर रविवार को बूथ दिवस घोषित किया गया था।
सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक बूथ दिवस पर जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीके सिंह ने राम सहाय इंटर कॉलेज, शांता स्मारक कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय पशु चिकित्सालय एवं कृत्रिम गर्भाधान केंद्र सदर समेत विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया और बीएलओे के कार्यों की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ से मतदाताओं से गणना प्रपत्र फार्म वापस प्राप्त करने, गणना प्रपत्र की फीडिंग इत्यादि के संबंध में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि सभी मतदाताओं से प्राप्त गणना प्रपत्र फार्म के डिजिटाइजेशन का कार्य जल्द से जल्द पूरा कर लें। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव के साथ बीएलओ, सुपरवाइजर समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment