के एल में विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी' का हुआ उद्घाटन
प्रदर्शनी मेंअंतरिक्ष मॉडलों, तकनीकी उपकरणों, रॉकेट एवं उपग्रह प्रक्षेपण की प्रक्रियाओं से संबंधित आकर्षक सामग्री प्रदर्शित की गई
मेरठ। शुक्रवार को जागृति विहार के एल इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान एवं शोध के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने हेतु आयोजित विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी' का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि एडिशनल कमिश्नर, मेरठ, अमित कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन व विद्यालय के वाइस चेयरमैन तेजेंद्र खुराना, डायरेक्टर्स मनमीत खुराना व हरनीत खुराना द्वारा मुख्य अतिथि व इसरो वैज्ञानिकों को हरित उपहार देकर स्वागत किया गया। अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान और उन्नत तकनीक की दिशा में प्रेरित करते हैं। अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत की बढ़ती उपलब्धियाँ बच्चों को बड़े सपने देखने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। मुख्य अतिथि द्वारा प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के पश्चात रॉकेट लॉन्च कैसे किया जाता है प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर इसरो द्वारा विकसित विभिन्न अंतरिक्ष मॉडलों, तकनीकी उपकरणों, रॉकेट एवं उपग्रह प्रक्षेपण की प्रक्रियाओं से संबंधित आकर्षक सामग्री प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी में पीएसएलवी व जीएसएलवी रॉकेट, विभिन्न सैटेलाइट मॉड्यूल, तथा अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े कई मॉडल विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने। 3D शो, होलोग्राफिक डिस्प्ले और एआर/वीआर आधारित अंतरिक्ष यात्राओं ने बच्चों को वास्तविक अंतरिक्ष अनुभव कराया।
इसरो एसएसी स्पेस एप्लीकेशन सेंटर , अहमदाबाद के वरिष्ठ वैज्ञानिक परेश सरवैया तथा राहुल गर्ग एवं समस्त टीम सदस्यों ने विद्यार्थियों के साथ एक विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया, जिसमें उन्होंने अंतरिक्ष अभियानों, रॉकेट प्रक्षेपण और देश में अंतरिक्ष तकनीक के भविष्य पर विद्यार्थियों के प्रश्नों के रोचक उत्तर दिए।
प्रदर्शनी विद्यार्थियों शिक्षकों और अभिभावकों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी सिद्ध हुई तथा अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति सभी में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार कर गई। मेरठ के लगभग 2000 छात्रों और शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में भ्रमण कर प्रदर्शनी का आनंद उठाया तथा वैज्ञानिकों द्वारा लाई गई अत्यन्त आधुनिक व विज्ञान के चमत्कारों से युक्त बस स्पेस ऑन व्हील्स,को देखकर सभी आश्चर्यचकित हो गए।


No comments:
Post a Comment