तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में छात्र–छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण
मीडिया की विविध प्रक्रियाओं से रूबरू हुए इंटर कॉलेजों के विद्यार्थी
मेरठ। तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल (मेरठ) में शुक्रवार का दिन उत्साह और सीख से भरा रहा। राजकीय इंटर कॉलेज किठौर तथा शहीद मंगल पांडे इंटर कॉलेज, मेरठ के लगभग 70 से अधिक छात्र–छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ शैक्षणिक भ्रमण के लिए संस्थान पहुंचे। इस अवसर पर विद्यार्थियों को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, रेडियो और डिजिटल मीडिया की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने अखबार बनाने की प्रक्रिया—रिपोर्टिंग, एडिटिंग, पेज मेकिंग, प्रूफ रीडिंग और प्रिंटिंग तक—हर चरण को नज़दीक से समझा। मीडिया लैब में उन्हें आधुनिक न्यूज़रूम की रचना, कैमरा हैंडलिंग, स्टूडियो लाइटिंग और एंकरिंग की बारीकियों का प्रदर्शन कराया गया। छात्रों ने स्वयं भी न्यूज़ एंकरिंग का अनुभव लिया, जिसे उन्होंने बेहद रोमांचक बताया।इसी क्रम में विद्यार्थियों ने रेडियो चैनल 90.8 के ऑडियो-वीडियो स्टूडियो का भी अवलोकन किया। तकनीकी टीम ने उन्हें रेडियो कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग, एडिटिंग, साउंड मिक्सिंग, और ऑन-एयर प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। पहली बार स्टूडियो देखने का अनुभव छात्रों के लिए अत्यंत उत्साहपूर्ण रहा। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर प्रशांत कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि—“मीडिया आज केवल नौकरी का माध्यम नहीं है, बल्कि संभावनाओं का विशाल क्षेत्र है। इच्छाशक्ति और कौशल होने पर छात्र अपना अखबार, अपना डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म या अपना यूट्यूब चैनल भी शुरू कर सकते हैं। पत्रकारिता में करियर विकल्प अनगिनत हैं—रिपोर्टिंग, एंकरिंग, पीआर, विज्ञापन, डिजिटल कंटेंट, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग, रेडियो जॉकी और बहुत कुछ।” भ्रमण के दौरान कई छात्र–छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से लेकर अखबार निर्माण तक इतनी विस्तृत प्रक्रिया होती है।यह उन्होंने पहली बार जाना। मीडिया उपकरणों को पास से देखना, स्टूडियो में काम करने वालों से बातचीत करना और संपूर्ण प्रक्रिया को समझना उनके लिए यादगार अनुभव रहा।साथ आई शिक्षिकाओं ने भी इस शैक्षणिक भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता विभाग को इतने करीब से देखना पहली बार हुआ। मीडिया से जुड़ी अनेक तकनीकी और प्रायोगिक जानकारियाँ प्राप्त करना छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव, डॉ. विनम यादव, लव कुमार, निधि शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी मितेंद्र कुमार गुप्ता, रेडियो जोकि पीयूष गांधी,ज्योति वर्मा, राकेश कुमार उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment