बंगाल या देश तक सीमित नहीं वंदे मातरम्ः अमित शाह
नई दिल्ली (एजेंसी)। राज्यसभा में आज वंदे मातरम् विषय पर विशेष चर्चा रखी गई, जिसमें सरकार की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पक्ष प्रस्तुत किया। उल्लेखनीय है कि सोमवार को लोकसभा में भी वंदे मातरम् पर बहस हो चुकी है।
राज्यसभा में वक्तव्य देते हुए अमित शाह ने कहा कि कुछ लोग इस विषय को बंगाल में होने वाले आगामी चुनावों से जोड़कर इसकी गंभीरता को कम करके दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह सच है कि वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय बंगाल के थे और आनंद मठ की शुरुआत भी बंगाल से हुई, लेकिन वंदे मातरम् न तो सिर्फ बंगाल तक सीमित रहा और न ही केवल भारत की सीमाओं में बंधा। जब कोई सैनिक सीमा पर या कोई पुलिसकर्मी देश के भीतर अपने प्राणों की आहुति देता है, तो वह वंदे मातरम् का ही उद्घोष करता है।”
अमित शाह ने बताया कि लोकसभा में कुछ सदस्यों ने पूछा कि वंदे मातरम् पर चर्चा की आवश्यकता क्यों है। इस पर उन्होंने कहा कि इसकी प्रासंगिकता आज भी उतनी ही है जितनी स्वतंत्रता संग्राम के काल में थी। उन्होंने कहा, “वंदे मातरम् पर चर्चा की जरूरत, इसके प्रति समर्पण की जरूरत तब भी थी, और आज भी उतनी ही है। वर्ष 2047 के लिए हमने जो उज्ज्वल भारत का लक्ष्य निर्धारित किया है, उसके संदर्भ में भी यह विषय अत्यंत महत्वपूर्ण बना रहेगा।”


No comments:
Post a Comment