सऊदी अरब से लौटा पति, पत्नी ने साथ जाने से किया इनकार

 बोली- खूब कमाया, बताओ आखिर किस पर लुटाया?

बागपत । बागपत के रटौल निवासी तारिक सऊदी अरब में चार साल नौकरी करने के बाद घर लौटे, लेकिन पत्नी ने उनके साथ जाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि पत्नी ने सऊदी में कमाई गई रकम मांगी और पैसे न देने पर साथ चलने से मना कर दिया। पीड़ित ने खेकड़ा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

बागपत जिले के खेकड़ा थाना क्षेत्र के रटौल गांव निवासी तारिक पुत्र वकील चार साल सऊदी अरब में नौकरी करने के बाद जब अपने घर लौटे तो उनके लिए एक नई परेशानी खड़ी हो गई। युवक की पत्नी ने उसके साथ चलने से साफ इनकार कर दिया।

शादी के बाद नौकरी के लिए सऊदी अरब गया था पति

तारिक ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी चार साल पहले सरधना क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही वह रोजगार के लिए सऊदी अरब चला गया। विदेश में रहकर उसने मेहनत करके अच्छी कमाई की, जबकि उसकी पत्नी अपने मायके में ही रहती रही।

पत्नी ने मांगे विदेश में कमाए पैसे

तारिक के अनुसार जब वह सऊदी अरब से लौटकर पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा, तो पत्नी ने उसके साथ आने से मना कर दिया। आरोप है कि पत्नी ने विदेश में कमाए पैसे मांगे और पैसे न देने पर साथ जाने से इनकार कर दिया।

थाने में दी तहरीर, कार्रवाई की मांग

काफी समझाने-बुझाने के बाद भी जब स्थिति नहीं सुधरी, तो तारिक ने खेकड़ा थाने में तहरीर देकर न्याय की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts