स्कूल संचालक से रंगदारी मामले में जांच में जुटी पुलिस

जिस ईमेल से धमकी मिली उसका  आईपी एड्रेस निकलवा रही पुलिस

मेरठ। गुरूकुलुम स्कूल  संचालक से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। E-mail के जरिए यह रंगदारी मांगी गई, जिसकी जांच पुलिस ने शुरु कर दी है। फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस उस E-mail ID के IP एड्रेस पर है, जिसको निकलवाने के लिए पुलिस ने पत्राचार शुरू कर दिया है। संभावना जताई जा रही है कि सोमवार तक यह जानकारी पुलिस को मिल जाएगी।

 बता दें शास्त्री नगर जी ब्लॉक में कमलजीत सिंह का द गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल है। बुधवार शाम वह अपना ईमेल चेक कर रहे थे, इसी दौरान एक अनजान ईमेल आईडी से आए लिंक को उन्होंने खोल दिया।उस लिंक में हथियारों के कुछ फोटो के अलावा एक ऑडियो क्लिप थी। बदमाशों ने इस ऑडियो क्लिप के माध्यम से 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी।

बदमाशों ने 3 मिनट में भेजे तीन ईमेल

कवल जीत सिंह ने बताया कि बुधवार शाम वह रूटीन में अपने स्कूल का ई-मेल चेक कर रहे थे। सुबह 9:57 से 10 बजे के बीच उन्हें अंजान ईमेल आईडी से तीन ईमेल दिखाई दिए। ईमेल चेक किया तो वह हैरान रह गए। यह रंगदारी से जुड़ा ईमेल था जिसमें उनसे 10 लाख रुपए मांगे गए थे।

IP एड्रेस के जरिए खुलासे की योजना

पुलिस ने अपनी ओर से छानबीन शुरु की है। E-mail के जरिए रंगदारी मांगी गई है, इसलिए पुलिस उस सिस्टम का IP एड्रेस निकलवाने का प्रयास कर रही है, जिससे E-mail भेजा गया था। G-mail से mail आया था। इसके लिए Google के हेडक्वार्टर को Mail किया गया है।अफसरों की मानें तो 3 से 4 दिन जवाब आने में लग जाते हैं। भारत के बेंगलुरु में Google का दफ्तर है, जहां से मेरठ पुलिस को अपने सवालों का जवाब मिलेगा।

पुराने विवाद की भी तलाश कर रही पुलिस

पुलिस की एक टीम कुछ अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। इसमें पुराने विवाद का बिंदु भी शामिल है। यह देखा जा रहा है कि स्कूल संचालक का कोई विवाद तो नहीं चल रहा है। सूत्र बताते हैं कि स्कूल संचालक का एक विवाद सामने आया है। पुलिस रंगदारी मामले का गुपचुप उस विवाद से मिलान करके देख रही है।

दो टीमें कर रही मामले में छानबीन

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस की दो टीमों को इस मामले में लगाया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा पहले ही दर्ज कर लिया गया था। तकनीकी जानकारी के लिए संबंधित कंपनियों से पत्राचार किया गया है। जल्द पूरे मामले का खुलासा होगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts