स्कूल संचालक से रंगदारी मांगने  में  डीआईजी से लगाई गुहार

मेरठ।  गुरुकुलम स्कूल के संचालक और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) नेता कंवल जीत सिंह से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले बदमाश दो दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इस मामले में शनिवार को कंवल जीत सिंह रालोद कार्यकर्ताओं के साथ डीआईजी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की।

पीड़ित स्कूल संचालक ने बताया कि 10 दिसंबर गुरुवार को स्कूल की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर लगातार तीन धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए थे। इन ई-मेल में हथियारों की तस्वीरें और एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी गई थी। ई-मेल और ऑडियो में स्पष्ट रूप से 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। रकम न देने पर गोली मारकर हत्या करने और पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कंवल जीत सिंह ने तुरंत नौचंदी थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की हैं, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

गिरफ्तारी न होने से नाराज़ स्कूल संचालक ने शनिवार को डीआईजी कला निधि नैथानी से मुलाकात की। उन्होंने डीआईजी को पूरे प्रकरण से अवगत कराया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की। कंवल जीत सिंह ने मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच के लिए किसी आईपीएस अधिकारी को जांच सौंपने की भी अपील की।

डीआईजी कला निधि नैथानी ने पीड़ित को आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने जांच की जिम्मेदारी एसपी सिटी आयुष विक्रम को सौंपी है। डीआईजी ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts