देश के अधिक प्रदूषित शहरों में मेरठ का दूसरा नंबर
दो दिन की राहत के बाद फिर जहरीली हुई शहर की हवा, मौसम में भी बदलाव
मेरठ । मेरठ की हवा लगातार जहरीली बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार देश के 245 सबसे अधिक प्रदूषित शहरों में मेरठ का दूसरा स्थान है। एक दिन में ही एक्यूआई 224 से बढ़कर 345 तक पहुँच गया, जो गंभीर श्रेणी के करीब माना जाता है। सूची में गाजियाबाद 348 AQI के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि मुजफ्फरनगर तीसरे नंबर पर दर्ज किया गया।
पूरे दिन शहर पर स्मॉग की चादर छाई रही। धूप भी कमजोर रही और दृश्यता कम देखी गई। शाम होते-होते एक बार फिर घना कोहरा छा गया जिसने हवा की गुणवत्ता को और भी खराब कर दिया। एनसीआर के छह शहर लाल श्रेणी में पहुँच गए हैं, जिनमें मेरठ भी शामिल है। फिलहाल विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदूषण का स्तर इसी श्रेणी में रहने की संभावना है।
कोहरा और बढ़ती ठंड ने भी बढ़ाई परेशानी
बीते दिन सुबह शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक घना कोहरा छाया रहा। शहर की तुलना में देहात क्षेत्रों में कोहरा ज्यादा घना दिखाई दिया। मौसम में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और रातें सर्द होती जा रही हैं। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मौसम वेधशाला के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान: 24.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान: 7.07 डिग्री दर्ज किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार आने वाले सप्ताह में ठंड और बढ़ेगी। दिन का तापमान 20 डिग्री के आसपास तथा रात का तापमान 6 डिग्री तक पहुँचने की आशंका है। उन्होंने बताया कि तापमान में गिरावट और बढ़ते स्मॉग के कारण प्रदूषण का स्तर भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों को सांस से जुड़ी समस्याओं का खतरा ज्यादा रहेगा।


No comments:
Post a Comment