दिव्यांगों की हिम्मत, और सफलता है नए भारत की शक्ति: योगी

- मुख्यमंत्री योगी ने दिव्यांगजन को किया सम्मानित
लखनऊ (एजेंसी)।
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के विश्व दिव्यांग दिवस पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित तीन दिवसीय विश्व दिव्यांग दिवस समारोह का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री योगी ने राज्य स्तरीय दिव्यांग पुरस्कारों का वितरण करने के साथ विशेष विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मानित किया। उन्होंने राज्यस्तरीय कार्यक्रम में दिव्यांग विद्यार्थियों से भी भेंट की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिव्यांगजन की हिम्मत, प्रतिभा और सफलता को नए भारत की शक्ति बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सहित विश्व में ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जहां दिव्यांगजन को संबल दिए जाने पर उन्होंने देश और समाज के लिए बड़े योगदान दिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप दिव्यांगजन को सम्मान देने के साथ सक्षम और सशक्त बनाने का काम किया जा रहा है, यह नए भारत की सोच को प्रदर्शित करता है। हम सबको दिव्यांगजन के लिए बैरियर फ्री इंडिया बनाने में अपनी भूमिका का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। नए भारत में हर व्यक्ति के साथ, हर व्यक्ति के स्वावलंबन के साथ और उनके सम्मान के साथ सरकार खड़ी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिव्यांगजन से कहा कि आपकी हिम्मत, आपकी प्रतिभा और आपकी सफलता ही भारत की नई शक्ति है। सरकार और समाज दोनों आपके साथ पूरी मजबूती के साथ खड़े हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 30 व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य स्तरीय दिव्यांग पुरस्कारों का वितरण किया। 46 मेधावी दिव्यांग छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के साथ 500 दिव्यांगजन को उपकरण भी प्रदान किए गए।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर बीते आठ वर्ष में अपनी सरकार की उपलब्धियों से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजन की सहायता जैसे पुनीत काम में वर्ष 2017 से पहले तक बड़ा भ्रष्टाचार होता था। दिव्यजन को तब 300 रुपया महीना पेंशन मिलती थी, जिसमें से भी बाबू जी लोग कट मार लेते थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बड़ी सोच दिखाई और इनको मुख्यधारा में लाने का सार्थक प्रयास किया। उनके निर्देश पर दिव्यांगजन पेंशन को एक हजार रुपया महीना किया गया और धनराशि सीधा उनके खाते में ट्रांसफर की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts