महिला हेड कॉन्स्टेबल ने सिपाही पति पर कराया मुकदमा दर्ज 

ऑनलाइन जुए में लाखों गंवाकर 25 लाख रुपए मांगने का आरोप

मेरठ। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में   एक महिला हेड कांस्टेबल ने अपने सिपाही पति और उसके परिवार पर गंभीर उत्पीड़न, मारपीट, धमकी देने और 25 लाख रुपये की अवैध वसूली का आरोप लगाया है। इस शिकायत के बाद एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के निर्देश पर थाना सिविल लाइंस में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हेड कांस्टेबल प्रियंका ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2011 में बुलंदशहर जिले के औरंगाबाद निवासी सिपाही सागर से हुई थी। उनकी सात साल की एक बेटी है। प्रियंका का आरोप है कि सागर शराब, ऑनलाइन जुआ और सट्टे का आदी है। इस लत के कारण वह अब तक 50 लाख रुपये से अधिक गंवा चुका है, जिसमें उसका वेतन, प्रियंका की कमाई और बचत भी शामिल है।

प्रियंका के अनुसार, जुए का विरोध करने पर सागर अक्सर उनके साथ मारपीट करता है। सागर ने कई लोगों से लाखों रुपये का कर्ज भी ले रखा है। उधार देने वाले अक्सर उनके पुलिस लाइन स्थित आवास पर आकर बदसलूकी करते हैं और धमकी देते हैं।

आरोप है कि सिपाही सागर ड्यूटी से लगातार गैरहाजिर रहता है। वह फर्जी दस्तावेज बनाकर विभागीय धन के दुरुपयोग में भी शामिल है। प्रियंका ने बताया कि 3 जून 2023 को सागर टीपीनगर थाने पर एक सुसाइड नोट छोड़कर फरार हो गया था।

हेड कांस्टेबल ने यह भी आरोप लगाया कि सागर के परतापुर निवासी एक महिला से अवैध संबंध हैं। इस संबंध का विरोध करने पर भी सागर ने उनके साथ मारपीट की। अब सागर, उसके पिता, भाई, भाभी और बहन मिलकर प्रियंका पर 25 लाख रुपये देने का दबाव बना रहे हैं, ताकि सागर का कर्ज चुकाया जा सके।

प्रियंका का आरोप है कि रुपये न देने पर उन्हें तलाक देने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। महिला हेड कांस्टेबल ने अपनी सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सिविल लाइंस पुलिस एसएसपी के आदेश पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts