ट्रांसफार्मर चोर गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाश घायल
-घायल बदमाशों के समेत पुलिस ने छह को गिरफ्तार कर जेल भेजा
-पुलिस ने बदमाशों से माल, एक बाइक और हथियार बरामद किए
मेरठ। पुलिस की ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह से मुठभेड़ हो गई। इनमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों को अपनी गिरफ्त में लेने के बाद मौके से भागे चार अन्य बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। सभी बदमाशों को पुलिस ने जेल भेज दिया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया, एसएसपी डा.विपिन ताडा के निर्देश पर गुरुवार रात को बदमाशों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया था। इसी दौरान सीओ सिविल लाइंस अभिषेक तिवारी को सूचना मिली थी कि ट्रांसफार्मर चोरी करने वाला एक गिरोह मेडिकल थाना क्षेत्र में वारदात के करने के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर सीओ सिविल लाइंस ने मेडिकल थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह के साथ आऊटर रिंग रोड पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश शाहिद निवासी लोहिया नगर थाना लोहिया नगर व वाजिद निवासी खुशहाल कॉलोनी गद्दा वाली मस्जिद थाना लिसाड़ी गेट पैर में गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों को अपनी गिरफ्त में लेने के बाद पुलिस ने गिरोह के फरार बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की और गिरोह के चार अन्य बदमाश शाबिर व शफीक निवासीगण नरहेडा गांव थाना लोहियानगर, दानिश निवासी खुशहाल कॉलोनी 30 फुटा थाना लिसाडीगेट और मोंटी निवासी पीपलीखेड़ा गांव थाना लोहिया नगर को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिविल लाइंस अभिषेक तिवारी ने बताया, यह गिरोह शातिर और ट्रांसफार्मर ही चोरी करता है। गिरोह के पास से ट्रांसफार्मर चोरी करने में इस्तेेमाल होने वाले उपकरण, माल, एक बाइक व हथियार बरामद हुए है। शुक्रवार को सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।


No comments:
Post a Comment