रालोद ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर याद किया
मेरठ। परिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को रालोद ने जिला कार्यालय पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद कचहरी स्थित अम्बेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्य अतिथि नरेंद्र सिंह खजूरी ने कहा कि बाबा साहब का परिनिर्वाण दिवस हमें उनके विचारों को स्मरण करने और समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज भी उनके सिद्धांत देश को दिशा दिखा रहे हैं।भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चल रहे SIR में पार्टी पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से अपील की कि किसी भी मतदाता का नाम छूटने न पाए तथा मतदान सूची संशोधन में बूथ स्तर पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सरकार में आने से बढ़ी जिम्मेदारी
पूर्व विधायक विनोद हरित ने कहा कि सरकार में आने के बाद पार्टी की जिम्मेदारियां और बढ़ी हैं। अब हर पदाधिकारी जनता के बीच रहकर समस्याओं पर कार्य करेगा। जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़ ने बताया कि जिले की अधिकांश विधानसभा और बूथ स्तर पर कमेटियां गठित कर दी गई हैं। BLO के सहयोग से SIR के अंतर्गत बूथों को दुरुस्त करने का अभियान चलाया जाएगा।
प्रदेश महासचिव (संगठन) व प्रवक्ता आतिर रिज़वी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल में हर वर्ग का हित सुरक्षित है और अल्पसंख्यक समाज का भरोसा तेजी से पार्टी की ओर बढ़ रहा है। जयंत चौधरी द्वारा जिस प्रकार पूरी सांसद निधि खेल विकास कार्यों के लिए समर्पित की गई है आने वाले समय में देश का युवा इसका बेहतर परिणाम देश के लिए देगा।


No comments:
Post a Comment