दिल्ली क्राइम 3' की सफलता का लुत्फ उठा रही शेफाली शाह

मुंबई। एक्ट्रेस शेफाली शाह हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज 'दिल्ली क्राइम सीजन 3' की सफलता का आनंद उठा रही हैं। दर्शक उनकी दमदार अदाकारी की सराहना कर रहे हैं। इस कड़ी में शेफाली ने दर्शकों का आभार जताया।
शेफाली शाह ने कहा, ''मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे अपने करियर में ऐसे रोल मिले, जिन्होंने न सिर्फ मुझे चुनौती दी, बल्कि दिल की गहराइयों को भी छुआ। 'दिल्ली क्राइम' का गंभीर किरदार, 'डार्लिंग्स' में निभाया गया जटिल रोल और करियर की शुरुआती फिल्म 'सत्या' के अनुभव... इन सभी ने मेरे अभिनय को नई दिशा दी। इन भूमिकाओं को दर्शकों से जितना प्यार मिला, वह मेरी उम्मीदों से कहीं ज्यादा है। हर किरदार ने मुझे एक अलग तरह से बदला, एक कलाकार के रूप में संवारा और यह सफर मेरे लिए बेहद सीखने का अवसर रहा।''
उन्होंने कहा, ''जब मैं अपने सफर के बारे में बात करती हूं, तो मुझे हमेशा याद आता है कि मैंने स्टोरीटेलिंग से प्यार क्यों किया था। मेरे लिए अभिनय सिर्फ काम नहीं, बल्कि एक एहसास है, जो लगातार सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। जब दर्शक मेरे अभिनय को समझते हैं, महसूस करते हैं और उसकी सराहना करते हैं, तो यह एक कलाकार के तौर पर बहुत भावुक और संतोष देने वाला अनुभव होता है। इसी वजह से मैं आईएफपी के प्लेटफॉर्म पर दर्शकों से मिलकर अपने अनुभव साझा करने के लिए उत्साहित हूं।''
आईएफपी सीजन 15 इस बार 29 और 30 नवंबर को मुंबई के मशहूर महबूब स्टूडियो में आयोजित होने जा रहा है। यह दो दिन का बड़ा आयोजन देशभर के कलाकारों, फिल्मकारों, कंटेंट क्रिएटर्स और नए प्रयोग करने वाले रचनात्मक लोगों को एक मंच पर लाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts