320 करोड़ की जीएसटी चोरी में दो गिरफ्तार
-जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय मेरठ जोन ने नोएडा से पकड़ा
मेरठ। 320 करोड की जीएसटी चोरी में जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय मेरठ जोन की टीम ने दो कंपनियों के दो मालिकों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने ऑनलाइन गेमिंग में 320 करोड़ रुपये की कर चोरी की थी। आरोप है कि इन कंपनी मालिकों ने आनलाइन गेमिंग के माध्यम से 1200 करोड़ रुपये जीते थे और जीती गई रकम पर 320 करोड़ रुपये की जीएसटी का भुगतान नहीं किया।
शासकीय अधिवक्ता लक्ष्य कुमार ने बताया, जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय मेरठ जोन की टीम पिछले तीन माह से इन कंपनी मालिकों पर नजर रख रही थी। दिल्ली में कंपनी संचालित करने वाले राजन ने 442 करोड़ रुपये व फरीदाबाद के कंपनी संचालक रवि सिंह ने 760 करोड़ आनलाइन गेमिंग में जीते। नियमानुसार जीती हुई रकम पर 320 करोड़ रुपये का कर देय है। आरोपितों ने ग्राहकों के साथ भी फर्जीवाड़ा किया हैं। टीम ने इन दोनों कंपनी मालिकों को नोएडा से गिरफ्तार किया। बुधवार को दोनों आरोपितों को विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दुर्गेश नंदिनी की कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया।


No comments:
Post a Comment