मेयर चुनावों में चौंकाने वाले अनस का एआईएमआईएम पर हमला
थाने पहुंचा मामला, दी गई तहरीर
मेरठ। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और आज़ाद समाज पार्टी (असपा) के बीच स्थानीय स्तर पर राजनीतिक तकरार इतनी बढ़ गई है कि मामला थाने की दहलीज तक पहुंच गया है।
एआईएमआईएम के शहर अध्यक्ष इमरान अंसारी और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के शहर अध्यक्ष अनस कुरैशी में इस वक्त जबरदस्त नूराकुश्ती चल रही है। इमरान अंसारी जहां बिहार चुनावों में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने गए हुए हैं वहीं मेरठ में अनस कुरैशी लगातार इमरान अंसारी पर हमलावर हैं। दरअसल इन दोनों के बीच तकरार लोकसभा चुनावों के समय से चली आ रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार उस समय स्थानीय स्तर पर यह तय हुआ था कि एआईएमआईएम बसपा उम्मीदवार देववृत को समर्थन देगी। हालांकि इस बीच पार्टी में एक राय नहीं बन पाई और एआईएमआईएम नेताओं का एक धड़ा टूटकर सपा के योगेश वर्मा के समर्थन में चला गया।
इसमें एआईएमआईएम के कई पार्षद भी थे। दोनों पार्टियों के बीच रार यहीं से शुरू हुई। यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि इसके बाद हाल ही में सेंट्रल मार्केट के मुद्दे पर एआईएमआईएम ने व्यापारियों का समर्थन किया तो विरोधी गुट ने एआईएमआईएम में भाजपा की छवि दिखने का आरोप लगा दिया। इसके चलते मामले ने और तूल पकड़ लिया। इसी विवाद के बीच आजाद समाज पार्टी के महानगर कोषाध्यक्ष मास्टर आफताब अंसारी ने अनस कुरैशी के खिलाफ बगावत करते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया। अब अनस कुरैशी, इमरान अंसारी पर आरोप लगा रहे हैं कि इमरान उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस संबंध में थाना लिसाड़ी गेट पर तहरीर भी दी गई है।


No comments:
Post a Comment