फरीदाबाद में पकड़ी गई 'लाल कार' में मिला विस्फोटक

 आसपास के 10 घर कराए खाली, 400 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

फरीदाबाद। फरीदाबाद  में उस वक्त हड़कंप मच गया जब खेतों में खड़ी एक लाल रंग की कार में विस्फोटक मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। यह वही लाल रंग की ईकोस्पोर्ट कार है जिसे दिल्ली धमाके में आतंकियों ने इस्तेमाल किया है। कार में विस्फोटक मिलने की सूचना पर आनन-फानन एनएसए, फोरेंसिक टीम और भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। कार के आसपास बने लगभग 10 घरों को खाली करा लिया और इलाके को सील कर दिया। मौके पर 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की भारी तैनाती की गई है, जो किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मुस्तैद हैं।

खंदावली गांव से लगभग 200 मीटर दूर खेतों में फहीम नाम के व्यक्ति के घर के पास एक लाल रंग की कार खड़ी थी। कार में विस्फोटक होने की आशंका के बाद स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए, कार के आसपास के लगभग 10 घरों को तत्काल खाली कराया गया ताकि किसी भी जानमाल के नुकसान से बचा जा सके।

पुलिस की जांच में पता चला है कि मंगलवार की सुबह कार को यहां खड़ा करने वालों में दो पुरुष और एक महिला शामिल थी, जिनमें फहीम का साला भी है। फहीम का साला पेशे से कार मिस्त्री बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि कार सर्विस कराने के दौरान फहीम के साले का संपर्क अल फलाह यूनिवर्सिटी के डॉक्टरों और कुछ संदिग्ध आतंकियों से हुआ था। यह भी पता चला है कि फहीम की ससुराल धौज गांव में है, जहां अल फलाह यूनिवर्सिटी भी स्थित है। इस खुलासे के बाद पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुट गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

इस घटना के मद्देनजर, सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इलाके में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा है। पुलिस विस्फोटक की प्रकृति और इसके पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और वे इस घटना को लेकर काफी चिंतित हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts