हेड कॉन्स्टेबल सोते समय जिंदा जलकर दर्दनाक मौत
जांच में जुटी सिविल लाइन पुलिस
मेरठ। देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र मे हेड कॉन्स्टेबल की सोते समय जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर आसपास के लोग पहुंचे। लोगों ने खिड़की से झांककर देखा, तो हेड कॉन्स्टेबल बिस्तर पर पड़े जल रहे थे। दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। हथौड़े से दरवाजा तोड़ा गया। लेकिन तब तक हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो चुकी थी।पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हेड कॉन्स्टेबल की पहचान शामली के कांधला में रहने वाले विभोर तोमर (45) के रूप में हुई है। हादसा मंगलवार रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुआ।
हेड कॉन्स्टेबल विभोर तोमर साल-2011 में पुलिस में भर्ती हुए थे। इन दिनों उनकी तैनाती पुलिस लाइन में थी। वह सिविल लाइन के साकेत में संजय शर्मा के मकान में किराए पर रहते थे। विभोर के साथ कॉन्स्टेबल सतीश भी रहते हैं। सतीश बेटी की शादी होने के चलते 8 दिन पहले अपने घर चले गए थे।संजय शर्मा के मकान में नीचे गोदाम है, जबकि दूसरी मंजिल पर 4 कमरे बने हैं। मंगलवार रात विभोर ड्यूटी पूरी करके कमरे पर लौटे। आसपास के लोगों ने बताया- हेड कॉन्स्टेबल को शराब पीने की बहुत ज्यादा लत थी।विभोर के कमरे के बगल में रहने वाली महिला तुलसी ने बताया- मंगलवार रात करीब 2 बजे बदबू आने पर हमने देखा तो कमरे की कुंडी अंदर से बंद थी।
इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। कमरा अंदर से बंद था। हम लोगों ने खिड़की से झांककर देखा, तो हेड कॉन्स्टेबल जिंदा जल रहे थे। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची।पुलिस ने हथौड़े से तोड़कर दरवाजा खोला। फिर बड़ी मुश्किल से आग पर काबू किया, लेकिन तब तक विभोर की मौत हो चुकी थी। मकान मालिक संजय कुमार ने बताया कि दोनों कॉन्स्टेबलों को 2 महीने पहले ही कमरा किराए पर दिया था।
एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया-
प्रारंभिक जांच में हेड कॉन्स्टेबल की मौत आग लगने से होना सामने आया है। परिवार को सूचना दे दी गई है। आग के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।


No comments:
Post a Comment