विकास की रफ्तार पकड़ चुका है बिहारः पीएम मोदी
सहरसा में बोले - भारत की बेटियों ने इतिहास रचा
पटना (एजेंसी)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहरसा में चुनावी सभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि बीते वर्षों में बिहार विकास की रफ्तार पकड़ चुका है। अब विकास की रफ्तार को हमें मिलकर तेज करना है। इसलिए फिर एक बार एनडीए सरकार। बिहार में फिर से सुशासन सरकार।
उन्होंने कहा कि बिहार की पहचान ज्ञान से भी है और नारी सम्मान से भी है। बिहार हमेशा से ही नारी शक्ति का सशक्त स्थान रहा है। माता सीता, देवी भारती, विदुषी गार्गी जैसी माताएं हमारी प्रेरणाएं। नारी शक्ति की इस सशक्त भूमि से मैं भारत की बेटियों को बधाई देता हूं। भारत ने पहली बार महिला क्रिकेट विश्व कप जीता है। 25 साल बाद दुनिया को नया विश्व विजेता मिला है। यह गौरव भारत की बेटियों ने पूरे देश को दिया है। आइए मिलकर हम उनका सम्मान करें। यह विजय सिर्फ खेल के मैदान तक नहीं है। यह भारत की बेटियों के नए आत्म विश्वास का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज हमारी बेटियां फाइटर जेट उड़ा रही हैं। सीमा पर देश की रक्षा कर रही हैं। हमारी देश की महिला वैज्ञानिक आज अंतरिक्ष अभियानों में भूमिका निभा रही है। देश में एक लाख 80 हजार से ज्यादा स्टार्टअप है। इनमें से 70 हजार से अधिक में महिलाएं आगे हैं। नारी का सम्मान बढ़ाना, उनकी गरिमा की रक्षा, उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना। हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की बहन-बेटियों से कहूंगा कि आप सतर्क रहिए। जंगलराज वाले आपको दी जाने वाली मदद को रोकना चाहते हैं। राजद और कांग्रेस का विकास से दूर-दूर तक नाता नहीं है। एनडीए की पहचान विकास से है और राजद-कांग्रेस की पहचान विनाश से है।
उन्होंने कहा कि कोसी महासेतु रेल महासेतु का शिलान्यास 2003 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था। 2004 में कांग्रेस की सरकार बनी। 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी। यहां के लोगों ने राजद को साफ कर दिया। इस कारण राजद वालों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वह इतना गुस्सा हुए कि बिहार को बर्बाद करने पर तुल गए। दिल्ली की सरकार में बैठकर राजद वालों ने बिहार की जनता से बदला लेना शुरू कर दिया। जितने प्रोजक्ट बिहार की भलाई के लिए थे, सारा पैसा रोक दिया। सारे प्रोजेक्ट पर ताला लगा दिया। कोसी महासेतु प्रोजेक्ट को रोक दिया। 2014 में आपने एनडीए की डबल इंजन की सरकार बनाई। आपने सेवा का मौका दिया। मैंने नए सिरे से कोसी महासेतु की फाइल मंगाई। आखिरकार 2020 में एनडीए सरकार ने बिहार को यह पुल बनाकर सौंप दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि बिहार में पहले चरण के मतदान के लिए अब सिर्फ दो दिन बचे हैं। 6 नवंबर की सुबह सहरसा और मधेपुरा के लोग वोट डालेंगे। उन्होंने कहा कि मैं यहां अपने साथियों के लिए आपका आशीर्वाद मांगने आया हूं। इस बार मेरे बहुत से बेटे-बेटियां पहली बार वोट डालने जा रहे हैं। पीएम मोदी ने याद किया कि जब मैंने जीवन में पहली बार वोट डाला था, तो मन में बस एक ही इच्छा थी। मेरा वोट बेकार न जाए। और मुझे खुशी है कि मेरा वोट सफल रहा।


No comments:
Post a Comment