राजकीय इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर के छात्रों का तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल में शैक्षणिक भ्रमण
मेरठ। राजकीय इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर के छात्रों ने बुधवार को तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को पत्रकारिता, जनसंचार एवं मीडिया शिक्षा की वास्तविक और प्रायोगिक समझ प्रदान करना था। विद्यालय के शिक्षकगण छात्रों को लेकर संस्थान पहुँचे, जहाँ विद्यालय की संकाय टीम ने उनका स्वागत किया। इसके बाद छात्रों ने क्रमवार विभिन्न मीडिया लैब, स्टूडियो और विभागों का अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल के निदेशक प्रो. प्रशांत कुमार ने छात्रों को संस्थान में संचालित विभिन्न पत्रकारिता एवं मीडिया पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान में प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल पत्रकारिता, विज्ञापन एवं जनसंपर्क, मीडिया रिसर्च, फिल्म स्टडीज़, तथा नए संचार माध्यमों से जुड़े आधुनिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं।
उन्होंने छात्रों को करियर संभावनाओं, पत्रकारिता में आज आवश्यक कौशल, और मीडिया उद्योग में तकनीकी बदलावों के बारे में भी मार्गदर्शन दिया।प्रो. प्रशांत कुमार ने छात्रों को रेडियो सीसीएसयू 90.8, विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो स्टेशन, के संचालन और उद्देश्य के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि यह रेडियो सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, संस्कृति, पर्यावरण और स्थानीय मुद्दों पर आधारित कार्यक्रमों का प्रसारण करता है। छात्रों को बताया गया कि किस प्रकार रेडियो सीसीएसयू 90.8 पर स्क्रिप्ट राइटिंग, रिकॉर्डिंग, एडिटिंग और वॉइस मॉड्यूलेशन का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। छात्रों ने आधुनिक टीवी स्टूडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग लैब और न्यूज़रूम का करीबी निरीक्षण किया। उन्हें कैमरा संचालन, न्यूज एंकरिंग, वीडियो संपादन और रिपोर्टिंग की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया।भ्रमण के दौरान छात्रों को पत्रकारिता की नैतिकता, फेक न्यूज की पहचान, डिजिटल मीडिया की चुनौतियाँ से भी अवगत कराया गया। इस दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका विस्तार से समाधान किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज के शिक्षकों ने इस भ्रमण को छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक व शैक्षणिक दौरे छात्रों की सोच, समझ और करियर निर्माण के लिए प्रेरणादायक होते हैं।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं छात्रों को अध्ययन सामग्री प्रदान करते हुए किया गया


No comments:
Post a Comment