सीसीएसयू के इंजीनियरिंग कॉलेज की प्रयोगशालाओं में शैक्षणिक भ्रमण
स्कूली विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
मेरठ। सर छोटू राम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SCRIET), चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर, मेरठ के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आज एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष व समन्वयक इंजीनियर अमन कुमार के नेतृत्व में किया गया।
भ्रमण में पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, सिकंदरपुर मोरना (मुज़फ्फरनगर) के करीब 75 छात्र-छात्राएं प्रधानाचार्य शिवानी के मार्गदर्शन में शामिल हुए। उनके साथ शिक्षकगण—सत्येंद्र कुमार, राहुल पाल, लता एवं गुल मोहम्मद आदि भी उपस्थित रहे।केमिकल इंजीनियरिंग विभाग में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रयोगशालाओं में उपयोग होने वाले उपकरणों, औद्योगिक प्रक्रियाओं और रासायनिक अभियांत्रिकी के दैनिक जीवन में महत्व के बारे में विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से बताया गया।इसके बाद विद्यार्थियों ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग, वर्कशॉप तथा इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, कृषि और पुस्तकालय सहित अन्य प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। सभी स्थानों पर विद्यार्थियों ने मशीनों, आधुनिक तकनीक और चल रहे शोध कार्यों को देखकर विशेष रुचि दिखाई।वर्कशॉप भ्रमण के दौरान इंजीनियर प्रवेश कुमार, इंचार्ज वर्कशॉप, ने मशीनों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराते हुए विद्यार्थियों को उनके उपयोग और सुरक्षा प्रक्रियाओं से अवगत कराया।
इस दौरान निदेशक प्रो. (डॉ.) नीरज सिंघल ने कहा “विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तक ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें तकनीक की वास्तविक दुनिया से जोड़ना है। जब बच्चे प्रयोगशालाओं में उपकरणों को चलते हुए देखते हैं और मशीनों को समझते हैं, तो उनके करियर विकल्पों और भविष्य की तकनीकी समझ का दायरा बहुत व्यापक हो जाता है। ऐसे भ्रमण उनके भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करते हैं।”
विद्यालय की प्रधानाचार्या शिवानी ने कहा“ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले कई बच्चों के लिए यह पहला अवसर था जब उन्होंने इतनी उन्नत प्रयोगशालाएँ और तकनीकी प्रक्रियाएँ करीब से देखीं। यहाँ की मशीनें, मॉडल और शोध कार्य देखकर बच्चे बेहद प्रेरित हुए हैं। यह अनुभव निश्चित रूप से उनकी पढ़ाई और भविष्य के करियर चयन में मार्गदर्शन करेगा।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन में इंजीनियर अंकित सिसौदिया, डॉ. विजय कुमार, इंजीनियर विकास मिश्रा और डॉ. प्रवीन कुमार सहित विभाग के सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।भ्रमण के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने कार्यक्रम समन्वयक इंजीनियर अमन कुमार सहित एससीआरआईईटी परिवार के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि यह अनुभव उनके लिए यादगार और ज्ञानवर्धक रहेगा।


No comments:
Post a Comment