असामाजिक तत्वों ने नौचंदी मैदान में लगा अशोक स्तंभ तोड़ा
सूचना मिलने के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़, हिंदू संगठन ने जताई नाराजगी
मेरठ। नौचंदी मैदान में लगा अशोक स्तंभ शनिवार रात असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया। रविवार सुबह जब लोगों को इसकी जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत नौचंदी थाने की पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नौचंदी मैदान में अशोक स्तंभ के साथ कई महापुरुषों की प्रतिमाएं भी लगी हुई हैं। रविवार सुबह यहां से गुजर रहे लोगों ने देखा कि अशोक स्तंभ गिरा हुआ है। धीरे-धीरे यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और लोग वहां पहुंचने लगे। लोगों ने असामाजिक तत्वों द्वारा स्तंभ तोड़े जाने पर कड़ा विरोध जताया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
कुछ ही देर में नौचंदी मैदान में गिरे अशोक स्तंभ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों ने इसे देश का अपमान बताते हुए नाराजगी जाहिर की। हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
लोगों ने पुलिस को दी सूचना
अशोक स्तंभ टूटने की खबर मिलने पर नौचंदी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और पूरी घटना की जानकारी ली। तब तक वे लोग वहां से जा चुके थे जिन्होंने सबसे पहले स्तंभ को टूटा हुआ देखा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
आनन फानन में हटवाया टूटा स्ट्रक्चर
सूचना मिलते ही नौचंदी पुलिस पहुंची। पुलिस ने अफसरों को जानकारी दीऔर बिना देरी किए सबसे पहले नगर निगम के कर्मचारियों की मदद से उस टूटे हुए अशोक स्तंभ को हटवाया। इस दौरान हिंदूवादी नेताओं ने नाराजगी जताई और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
नये स्तंभ के लिए नपाई कराई गई
अशोक स्तंभ का स्ट्रक्चर हटाने के बाद हिंदू संगठन ने नाराजगी जताई। दोपहर में नगर निगम की एक टीम दोबारा मौके पर पहुंची और नए स्तंभ का निर्माण कराने के लिए नपाई कार्य किया। अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही भी यहां मौजूद रहे।
बैक करते वाहन से टूटा अशोक स्तंभ
पुलिस ने कुछ घंटे बाद ही अशोक स्तंभ के टूटने का खुलासा कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से देखने पर पता चला है कि आधी रात को करीब तीन बजे कोई वाहन बैक करते समय अशोक स्तंभ से टकराया और वह टूट गया।
कैमरे से ट्रैक किया जा रहा वाहन
एसपी सिटी ने बताया कि जिस वाहन से अशोक स्तंभ टूटा है, उस वाहन का नंबर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। मामले में अज्ञात चालक के विरूद्ध मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया गया है।


No comments:
Post a Comment