कान्हा उपवन गोशाला की फिर बदहाली उजागर

सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल, वीडियो में मरने की स्थिति में कई गोवंश

मेरठ। परतापुर स्थित  कान्हा उपवन गोशाला के फिर कुछ वीडियो सामने आए हैं। इस वीडियो में कुछ महिलाएं गोशाला में घूम घूमकर वहां मौजूद गोवंश की बदहाली पर सवाल उठाती दिखाई दे रही हैं। वीडियो एक-दो दिन पुराना ही बताया जा रहा है, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी भी हैं। यह पुलिसकर्मी इन ही महिलाओं के द्वारा बुलाए गए थे।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो मेरठ के परतापुर स्थित कान्हा उपवन गोशाला के बताए जा रहे हैं। हम इसकी पुष्टि नहीं करते है। वायरल वीडियों में गोवंश दिखाई दे रहे हैं। इनमें काफी गोवंश बेहद बुरी स्थिति में हैं। कई तो ऐसे भी हैं जो मर चुके हैं या मरने की कगार पर हैं। गोशाला में कुछ महिलाएं हैं जो गोवंश की हालत पर दुख व्यक्त करती दिख रही हैं।

महिलाएं घूम घूमकर पूरी कान्हा उपवन गोशाला की स्थिति दिखा रही हैं। तभी वहां एक कर्मचारी आकर महिलाओं को वीडियो बनाने से रोकता है। वह अनुमति ना होने का हवाला देता है। पास ही कुछ और कर्मचारी भी गोशाला में काम करते दिखाई दे रहे हैं। इसको लेकर महिलाओं की कर्मचारियों से नोकझोंक तक होती दिख रही है।महिलाएं गोशाला के कर्मचारियों का व्यवहार देखकर तुरन्त डायल 112 पर सूचना देती हैं। इसके कुछ देर बाद ही पुलिस पहुंच जाती है। पुलिसकर्मी गोशाला की वीडियो बनाते हैं और फोटो भी लेते हैं। इसके अलावा वह महिलाओं की भी वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं।

तीन माह पहले हुआ था हंगामा

कान्हा उपवन से जुड़ा यह पहला मामला नहीं है। तीन महीने पहले भी इसी गोशाला का वीडियो वायरल होने पर तत्कालीन प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी/पशु चिकित्साधिकारी डा. हरपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। तब चार से पांच गोवंश मृत पाए गए थे और उनका वीडियो भी वायरल हुआ था। भ्रष्टाचार तक के आरोप लगाए गए थे।

अपनी गाय ढूंढने पहुंची महिला

सोशल मीडिया पर वायरल इन वीडियो को लेकर तरह तरह की चर्चा है। बताया जाता है कि जिन महिलाओं ने यह वीडियो बनाई हैं, उनकी कोई गाय नगर निगम की टीम पकड़कर यहां ले आई थी। जानकारी मिलने पर जब वह यहां कान्हा उपवन पहुंची तो महिला से रहा नहीं गया और महिला ने वीडियो बनाकर वायरल कर दी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts