हरिया लस्सी की दुकान में पकड़ा घरेलू सिलेंडर का उपयोग
आपूर्ति विभाग की टीम ने सूचना पर की कार्रवाई, जिलाधिकारी को भेजी रिपोर्ट
मेरठ। आपूर्ति विभाग की टीम ने एक दुकान पर छापा मारकर घरेलू सिलेंडर पकड़े हैं। यहां घरेलू सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग किया जा रहा था। टीम ने गैस सिलेंडर को जप्त करते हुए अपनी रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंप दी है।
लालकुर्ती बड़ा बाजार में हरिया लस्सी दूध वाले की दुकान है। इस दुकान का संचालन सुधीर कुमार करते हैं। नीचे उन्होंने दुकान बना रखी है और ऊपर ही उनके निवास है। आपूर्ति विभाग को सूचना मिली थी कि इस दुकान में घरेलू गैस सिलेंडरों का कमर्शियल उपयोग किया जा रहा है। टीम ने सूचना की पुष्टि की और कार्रवाई की रणनीति तैयार कर ली।
जिला आपूर्ति अधिकारी विनय सिंह ने दो सप्लाई इंस्पेक्टर की एक टीम तैयार की जिसको सप्लाई इंस्पेक्टर शिवानी चौरसिया ने लीड किया। टीम में सप्लाई इंस्पेक्टर अंकुश और क्लर्क शादाब भी शामिल रहे। टीम ने लालकुर्ती पुलिस से संपर्क किया और फिर छापा मार दिया।टीम ने सुधीर कुमार को सूचना की जानकारी दी। हल्का विरोध भी झेलना पड़ा लेकिन पुलिस ने सभी को शांत कर दिया। इसके बाद टीम ने दुकान की तलाशी लेते हुए वहां उपयोग में लाई जा रहे चार घरेलू गैस सिलेंडर बरामद कर लिए।टीम ने सभी सिलेंडरों का वजन कराया तो उनमें काफी गैस कम मिली, जिससे यह साबित हो गया की दुकान में घरेलू सिलेंडर उपयोग में ले जा रहे थे।
जिला आपूर्ति अधिकारी विनय सिंह ने बताया कि घरेलू सिलेंडरों का कमर्शियल उपयोग नियम अनुसार गैरकानूनी है। विभाग अपनी रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी कार्यालय को भेज चुका है। आगे की कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर होगी। आपूर्ति विभाग ने दुकान स्वामी को नोटिस भी दिया है।


No comments:
Post a Comment