वीर सेनानी ‘जीवा महाला’ का किरदार निभाएंगे सलमान खान
मुंबई। बॉलीवुड स्टार सलमान खान फिल्म राजा शिवाजी में वीर सेनानी ‘जीवा महाला’ का किरदार निभाते नजर आ सकते हैं। बॉलीवुड में चर्चा है कि सलमान खान रितेश देशमुख की ऐतिहासिक फिल्म राजा शिवाजी में एक अहम किरदार निभाने जा रहे हैं।
सलमान इस फिल्म में जीवा महाला का रोल करेंगे, जो छत्रपति शिवाजी महाराज के सबसे भरोसेमंद और बहादुर योद्धाओं में से एक थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान अपना सीन सात नवंबर को शूट करेंगे, और बताया जा रहा है कि यह सीन फिल्म के सबसे यादगार पलों में से एक होगा। जब भी सलमान खान बड़े पर्दे पर आते हैं, वो एक अलग ही जादू बिखेर देते हैं। अब वो रितेश देशमुख की आने वाली फिल्म राजा शिवाजी में अपने दमदार रोल के साथ वही करिश्मा दिखाने वाले हैं।
सलमान खान इससे पहले रितेश देशमुख की फिल्म लई भारी में कैमियो रोल कर चुके हैं और फिल्म वेद के गाने वेद लवले में भी नजर आए थे। जीवा महाला ने अफजल खान के भरोसेमंद सैनिक सय्यद बांदा के जबरदस्त हमले के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज की रक्षा करने में अहम भूमिका निभाई थी। सलमान खान जहां जीवा का किरदार निभा रहे हैं, वहीं संजय दत्त अफजल खान की भूमिका में नजर आएंगे।


No comments:
Post a Comment